संक्षिप्त खबरें:-
सोलर पानी टंकी खराब, पानी के लिए लोग परेशान
बलियापुर: कुसमाटांड़ मोड़ स्थित सोलर पानी टंकी खराब है। इससे मोड़ के दुकानदारों के साथ-साथ हरिजन टोला, नीम टोला एवं अगल-बगल के लोगों के बीच पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। लोगों ने बताया कि सोलर टंकी का पाइप क्षतिग्रस्त होने से यह समस्या उत्पन्न हुई है। पाइप फटने से टंकी में मौजूद पानी भी बर्बाद हो गया। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पंचायत की मुखिया अंजना महतो से करते हुए अविलंब सोलर पानी टंकी की मरम्मती कराने की मांग की है।
—————————————————–
अतिक्रमण हटाने को नोटिस जारी
बलियापुर: सड़क को अतिक्रमण कर सार्वजनिक रास्ते की भूमि पर मकान, दुकान एवं अवैध संरचनाएं बनाने वाले लोगों के खिलाफ बलियापुर अंचल कार्यालय ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में एक सप्ताह के अंदर अतिक्रमण हटा लेने की हिदायत दी गई है। ऎसा नहीं करने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है।
—————————————————–
सड़क दुर्घटना में जख्मी महिला की इलाज के दौरान मौत
बलियापुर: कालुबथान ओपी क्षेत्र के बोंगा मोड़ के पास शुक्रवार को हुई सड़क दुर्घटना में जख्मी
25 वर्षीय अल्फातून खातून की मौत इलाज के क्रम में शनिवार को हो गई। मृतका रखितपुर की निवासी थी। वह अपने पति अफरोज अंसारी और दो छोटे बच्चों के साथ बाइक पर सवार होकर आ रहे थे। घटना में अफरोज भी जख्मी हुआ है, जबकि बच्चे बाल-बाल बच गए। जख्मियों का इलाज एसएनएमएमसीएच धनबाद में चल रहा था। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचने पर माहौल गमगीन हो गया। घटना पर विधायक चंद्रदेव महतो, जिप सदस्य श्वेता कुमारी, राजू महतो, मुखिया दिलीप महतो, विष्णु महतो, शकील अंसारी, इसराइल अंसारी, आशीष महतो आदि ने गहरा शोक किया है।
—————————————————–
पटेल के कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा: निलेश सिंह
बलियापुर: आरएसपी कॉलेज झरिया बेलगड़िया में शनिवार को लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। प्राचार्य डॉक्टर निलेश कुमार सिंह ने सरदार पटेल द्वारा देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाने के लिए किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़इच्छा शक्ति और नेतृत्व क्षमता से देश को एक सूत्र में बांधने का काम किया। उनके द्वारा किए गए कार्यों को देश हमेशा याद रखेगा। इस अवसर पर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। मौके पर कॉलेज के अन्य प्राध्यापक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।