बुजुर्ग पर हमले से गरमाई सियासत, मेयर-डिप्टी मेयर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

बुजुर्ग पर हमले से गरमाई सियासत, मेयर-डिप्टी मेयर ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

डीजे न्यूज, गिरिडीह : नगर थाना क्षेत्र के गांधी चौक स्थित पुश्तैनी मकान में 75 वर्षीय मनजीत सिंह बग्गा पर हुए कथित जानलेवा हमले के बाद शहर में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। घायल बुजुर्ग का इलाज शहर के मर्सी अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार को मेयर प्रमिला मेहरा और डिप्टी मेयर सुमित कुमार अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा देते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान डिप्टी मेयर सुमित कुमार ने कहा कि आधी रात को किसी बुजुर्ग के घर में घुसकर हमला करना बेहद गंभीर और चिंताजनक घटना है। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपियों में से एक की भाजपा नेता मनोज साहू से नजदीकी रही है। उनके मुताबिक, संबंधित आरोपी पूर्व में भी जेल जा चुका है। अपने आरोप के समर्थन में उन्होंने भाजपा नेता मनोज साहू के साथ आरोपी की तस्वीर भी साझा की।

डिप्टी मेयर ने भाजपा नेताओं पर घटना को राजनीतिक रंग देने और झामुमो सरकार को बदनाम करने की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

अस्पताल में इस दौरान झामुमो नगर अध्यक्ष रोकी सिंह, अभय सिंह, राकेश रंजन, महिला नेत्री प्रीति भास्कर समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top