लोकतंत्र की आवाज बुलंद करने गिरिडीह के कांग्रेसियों ने किया दिल्ली कूच
सतीश केडिया के नेतृत्व में जिला कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता रवाना, 1 नवंबर को रामलीला मैदान में जुटेंगे देशभर के कांग्रेसी
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिल्ली के रामलीला मैदान में आगामी 1 नवंबर को आयोजित होने वाली ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ जनमार्च एवं महारैली में शामिल होने के लिए गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी के नेता और कार्यकर्ता शुक्रवार को दिल्ली रवाना हुए। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया के नेतृत्व में रवाना हुए सभी नेता धनबाद से ट्रेन के माध्यम से दिल्ली पहुंचेंगे और महारैली में भाग लेंगे।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखना आज देश के सामने महत्वपूर्ण विषय है। वोट लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और इसकी सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक अधिकारों और जनता की आवाज को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है।
केडिया ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली यह महारैली लोकतंत्र की रक्षा और जनता के अधिकारों के प्रति कांग्रेस की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करेगी। गिरिडीह से बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और कार्यकर्ता इसमें शामिल होने जा रहे हैं। कार्यकर्ताओं में महारैली को लेकर उत्साह है और सभी लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करने के लिए संकल्पित हैं।
दिल्ली रवाना होने वालों में जिला अध्यक्ष सतीश केडिया, युवा जिला अध्यक्ष मो. सोहेल, सदर प्रखंड अध्यक्ष निजाम उद्दीन, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष दुर्गा शर्मा, एनएसयूआई जिला अध्यक्ष विनीत भास्कर, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिला अध्यक्ष अहमद रजा नूरी, मनीर आलम, शाहनवाज आलम, ओवेस अहमद, रोशीनता हेम्ब्रम और संतोष वर्मा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता शामिल थे। वहीं, कार्यकर्ताओं को रवाना करने के लिए युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष बेलाल अहमद हुसैनी, नगर अध्यक्ष सरफराज अंसारी सहित कई लोग मौजूद थे।