धनबाद के 9 रेलवे समपार फाटकों पर आरओबी-आरयूबी निर्माण की दिशा में बढ़ी कार्रवाई

धनबाद के 9 रेलवे समपार फाटकों पर आरओबी-आरयूबी निर्माण की दिशा में बढ़ी कार्रवाई

सांसद ढुलू ने सदन में उठाया था मामला, रेल राज्य मंत्री ने भेजी विस्तृत रिपोर्ट

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद संसदीय क्षेत्र में रेलवे समपार फाटकों पर लगने वाले जाम की समस्या से निजात दिलाने, यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से रेल मंत्रालय ने पहल शुरू की है।
धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने 21 जुलाई 2026 को लोकसभा में नियम-377 के तहत धनबाद के विभिन्न समपार फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) एवं रोड अंडरब्रिज (RUB) निर्माण की आवश्यकता का मामला उठाया था।

इस मामले पर रेल एवं जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने पत्र भेजकर रेलवे द्वारा की गई जांच एवं तैयार रिपोर्ट की विस्तृत जानकारी सांसद को उपलब्ध कराई है। रिपोर्ट में धनबाद के कुल 9 चिह्नित समपार फाटकों की वर्तमान स्थिति बताई गई है।

प्रमुख कार्यों की स्थिति

समपार फाटक संख्या 14/A/T (किमी 316/42-317/02), प्रधानखंता–मानपुर खंड: यहां रोड अंडरब्रिज (RUB) निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। इसके विस्तृत अनुमान एवं सामान्य व्यवस्था आरेख (GAD) को भी मंजूरी मिल चुकी है।

समपार फाटक संख्या 27/Spl/T (किमी 366/10-366/12): यहां रोड ओवरब्रिज (ROB) निर्माण कार्य स्वीकृत है। GAD एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को मंजूरी मिल चुकी है तथा टेंडर भी आवंटित कर दिया गया है। निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

समपार फाटक संख्या 29/C/T (किमी 375/23-375/25): यहां रोड अंडरब्रिज (RUB) निर्माण कार्य स्वीकृत है। इसके लिए टेंडर आवंटित कर दिया गया है तथा निर्माण कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

समपार फाटक संख्या 30/C/E एवं 31/C/E (किमी 378/11-378/13 एवं 382/7-382/9): इन दोनों स्थानों पर RUB निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। इनके GAD एवं DPR तैयार करने की प्रक्रिया प्रगति पर है।

गैर-समपार फाटक (किमी 354/13-354/15), प्रधानखंता–मानपुर खंड: यहां रोड ओवरब्रिज (ROB) निर्माण कार्य रेलवे के खर्च पर स्वीकृत है। टेंडर आवंटन की प्रक्रिया जारी है।

समपार फाटक संख्या 3/Spl/3E एवं 7/Spl/3T: क्रमशः कतरासगढ़–निचितपुर खंड (किमी 0/15-0/16) एवं धनबाद–चंद्रपुरा खंड (किमी 16/45-16/47) में ROB निर्माण का कार्य भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) द्वारा प्रस्तावित है। इसकी स्वीकृति की प्रक्रिया चल रही है।

समपार फाटक संख्या 8/Spl/3T (किमी 21/14-21/16), धनबाद–चंद्रपुरा खंड: यहां ROB निर्माण कार्य पूर्व में स्वीकृत किया गया था, लेकिन 15 जून 2017 को रेलवे ट्रैक के पास भूमिगत आग लगने के कारण रेलखंड बंद होने से निर्माण कार्य रोक दिया गया था। वर्तमान में इस कार्य के लिए तकनीकी व्यवहार्यता रिपोर्ट (TFR) एवं विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया विचाराधीन है।

समपार फाटकों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी प्रक्रियाधीन

रेल मंत्रालय की रिपोर्ट में तत्काल राहत के उद्देश्य से समपार फाटक संख्या 3/Spl/3E (कतरासगढ़–निचितपुर खंड) एवं 7/Spl/3T (धनबाद–चंद्रपुरा खंड) के चौड़ीकरण का प्रस्ताव भी शामिल है। इन दोनों कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रक्रिया चल रही है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद में रेलवे समपार फाटकों पर लगने वाला जाम आम लोगों, विद्यार्थियों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों एवं दैनिक यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनता है। इन स्थानों पर ROB एवं RUB का निर्माण होने से आवागमन अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक होगा। लोकसभा में इस गंभीर विषय को उठाने के बाद रेल मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराई गई विस्तृत जानकारी से विभिन्न स्थानों पर चल रही कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हुई है।

उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं को स्वीकृति मिल चुकी है, उनका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाना चाहिए। वहीं, जिन स्थानों पर अभी तकनीकी एवं प्रशासनिक प्रक्रिया चल रही है, वहां भी आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाकर स्वीकृति प्रदान की जानी चाहिए। धनबाद की जनता को रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से स्थायी राहत दिलाने के लिए इन सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करना आवश्यक है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top