घोषी गांव में चला प्रशासन का बुलडोजर, सार्वजनिक रास्ते से हटाया गया अतिक्रमण
डीजे न्यूज, गावां, गिरिडीह : गावां प्रखंड की अमतरो पंचायत के घोषी गांव में सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को प्रभारी अंचलाधिकारी अभिषेक कुमार ने जिला परिषद सदस्य पवन कुमार चौधरी की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान रास्ते पर डाली गई मिट्टी, घेरान और प्लेट आदि को हटाया गया।
बताया जाता है कि घोषी गांव में सार्वजनिक रास्ते पर अतिक्रमण किए जाने से संबंधित शिकायत ग्रामीणों ने अंचलाधिकारी से की थी। ग्रामीणों ने आवेदन सौंपकर रास्ते की जांच कराने और उसे अतिक्रमणमुक्त कराने की मांग की थी। शिकायत के आलोक में प्रशासन ने मामले की जांच की और बुधवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की।
प्रशासन की इस कार्रवाई से सार्वजनिक रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराने की ग्रामीणों की मांग पर पहल हुई है। मौके पर जिला परिषद सदस्य पवन कुमार चौधरी, विनोद यादव, मनीष शर्मा समेत अन्य लोग मौजूद थे।