छठ घाटों की बदहाली दूर करने के लिए कल्पना सोरेन ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों को दिए निर्देश

छठ घाटों की बदहाली दूर करने के लिए कल्पना सोरेन ने संभाला मोर्चा, अधिकारियों को दिए निर्देश

गिरिडीह प्रखंड के कई घाटों का किया निरीक्षण

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह प्रखंड में घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने बुधवार को सेनादोनी, लेदा समेत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों पर मौजूद कमियों को दूर करने, साफ-सफाई सुनिश्चित करने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

 

सेनादोनी छठ घाट के निरीक्षण के बाद लोगों को संबोधित करते हुए कल्पना सोरेन भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने बहुत कुछ खोया है। गिरिडीह ने एक अच्छा नेता, एक बेटा और एक भाई खोया है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में लोगों की संवेदनाएं ही उनकी ताकत हैं।

 

इसके बाद विधायक ने लेदा छठ घाट का निरीक्षण किया और वहां साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने का निर्देश दिया। उन्होंने तेलोडीह, कोवाड़ मोड़, पहाड़पुर, कुरूमडीहा, लेदा और चरपोका सहित कई स्थानों पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। विधायक ने समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।

 

प्रशासनिक अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि भी रहे मौजूद

 

निरीक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त, उप विकास आयुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, सीओ तथा विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और कनीय अभियंता सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

 

मौके पर बीस सूत्री उपाध्यक्ष सह झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू की पत्नी श्वेता शर्मा, महापौर प्रमिला मेहरा, उपमहापौर सुमित कुमार, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, फरदीन इम्तियाज अहमद, गोपाल शर्मा, राकेश कुमार सिंह, प्रमिला कुमारी, रामजी यादव, मुखिया शब्बीर आलम, अनवर अंसारी और लेखो मंडल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं की भागीदारी रही।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top