गोविंदपुर में DC-SSP का औचक निरीक्षण, बड़ानावाटांड़ पंचायत मॉडल घोषित
उपायुक्त आदित्य रंजन बोले, पंचायत भवनों को ISO सर्टिफिकेशन दिलाएंगे, मुखियाओं को मिल रहा 15 हजार मानदेय
डीजे न्यूज, गोविंदपुर (धनबाद) : उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार व उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को गोविंदपुर प्रखंड में विकास योजनाओं व आंगनबाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने बड़ानावाटांड़ पंचायत भवन एवं 18 लाख की लागत से डीएमएफटी से निर्मित तालाब और मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र सह प्री-नर्सरी केन्द्र का जायजा लिया। उन्होंने बच्चों से पोषाहार एवं पढ़ाई संबंधी जानकारी ली।
आंगनबाड़ी केंद्र के निरीक्षण पर उपायुक्त ने कहा कि सेविका द्वारा बनाई गई पोषण वाटिका को देखकर उन्हें खुशी हुई। रोशन वाटिका से रोज हरी सब्जियां बच्चों को मिल रही हैं और अटेंडेंस भी 30 से ज्यादा है। यह बहुत अच्छी बात है। बड़ानावाटांड़ पंचायत भवन का काम बहुत अच्छा लगा। मुखिया एवं पंचायत सचिव ने काफी अच्छे से सजा कर रखा है। रिपोर्ट वगैरह भी ठीक थी।
उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन पंचायतों को आईएसओ सर्टिफिकेशन कराने की दिशा में काम कर रहा है। बड़ा नावाटांड पंचायत भी इस सूची में शामिल हो सकती है। उन्होंने डीएमएफटी से बने तालाब का भी निरीक्षण किया।
उपायुक्त ने बताया कि गोविंदपुर प्रखंड में कुल 39 पंचायतें हैं और सभी मुखियाओं को इसी तरह बेहतर काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुखियाओं को अब आयोग से 15 हजार रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है। लगभग सभी पंचायत भवनों की स्थिति में सुधार किया जा रहा है। जो भी कमी है उसे जिला स्तर से पूरा किया जाएगा। जमीन खाली कराने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी काम जनहित में और नियमानुसार किया जाएगा, किसी को दरकिनार नहीं किया जाएगा।
इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी जहीर आलम व अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा ने डीसी को पंचायत में संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मौके पर मुखिया शमीमा खातून, अनीस अंसारी, रजनीश महतो, सद्दाम अंसारी, राधेश्याम बाउरी, अमृता कुमारी, सुनील सिंह, आसिफ राजा, इम्तियाज अंसारी आदि थे।