बीसीसीएल के सतर्कता जागरूकता अभियान में जनभागीदारी की पहल, विधायक राज सिन्हा ने किया शुभारंभ

बीसीसीएल के सतर्कता जागरूकता अभियान में जनभागीदारी की पहल, विधायक राज सिन्हा ने किया शुभारंभ

डीजे न्यूज, धनबाद: भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) द्वारा संचालित सतर्कता जागरूकता सप्ताह के तहत जनभागीदारी अभियान का शुभारंभ धनबाद विधायक राज सिन्हा ने हस्ताक्षर कर किया। अभियान का उद्देश्य भ्रष्टाचार के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और विकास कार्यों में पारदर्शिता एवं सत्यनिष्ठा को प्रोत्साहित करना है।
यह कार्यक्रम बीसीसीएल पर लिखी गई पहली साहित्यिक पुस्तक ‘खदानों से संवेदना के स्वर’ की लेखिका एवं बीसीसीएल द्वारा ‘नारी शक्ति प्रेरणा पुंज सम्मान’ से सम्मानित पत्रकार प्रीति पूजा के सौजन्य से आयोजित किया जा रहा है।
इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि बीसीसीएल प्रबंधन की नीति ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ है। सतर्कता जागरूकता अभियान को सफल बनाने में आम नागरिकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त विकास के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर आगे आना होगा। जनभागीदारी और ईमानदारी के माध्यम से ही विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सकती है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशानुसार समुचित विकास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने अभियान की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की पहल से लोगों में सतर्कता, जवाबदेही और नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। अभियान को जनभागीदारी के माध्यम से अन्य स्थलों पर भी संचालित किया जाएगा।
कार्यक्रम में मानस प्रसून, अनिल सिन्हा, रवि सिन्हा, मदन तिवारी सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top