सरिया ओवरब्रिज की डिजाइन में हो जनहित का ख्याल, चौड़ाई और पैदल सीढ़ियों पर शोभा देवी ने दिया जोर
डीजे न्यूज, सरिया/गिरिडीह : सरिया में रांची-दुमका मुख्य मार्ग पर रेलवे गेट के समीप निर्माणाधीन ओवरब्रिज को लेकर जनसुविधाओं और सुरक्षा का मुद्दा उठाया गया है। सरिया नगर पंचायत की अध्यक्ष शोभा देवी ने पूर्व मध्य रेलवे (ECR) के अधिकारियों के साथ बैठक कर ओवरब्रिज के डिजाइन, चौड़ाई और निर्माण गुणवत्ता में आवश्यक सुधार करने का आग्रह किया।
बैठक में अध्यक्ष ने कहा कि ओवरब्रिज की मुख्य चौड़ाई पर्याप्त होनी चाहिए, ताकि भविष्य में वाहनों के दबाव के कारण जाम की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने ओवरब्रिज के दोनों ओर बनने वाले ढलान की चौड़ाई भी मानकों के अनुरूप रखने पर जोर दिया, जिससे छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन सुगम और सुरक्षित बना रहे।
**पैदल सीढ़ियों के निर्माण पर भी जोर**
शोभा देवी ने स्थानीय लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ओवरब्रिज से नीचे उतरने के लिए पैदल सीढ़ियों के निर्माण की आवश्यकता उठाई। उन्होंने कहा कि सीढ़ियों की व्यवस्था इस तरह होनी चाहिए कि आम राहगीरों के साथ-साथ आसपास के दुकानदारों को भी किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
**गुणवत्ता और सुरक्षा से समझौता नहीं**
अध्यक्ष ने रेलवे अधिकारियों और निर्माण एजेंसी से निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं मजबूती सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण आधारभूत संरचना है। इसलिए इसके निर्माण में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन होना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके।
बैठक में रेलवे अधिकारियों ने उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए तकनीकी पहलुओं की समीक्षा कर उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। अब स्थानीय लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण के दौरान जनसुविधाओं से जुड़े इन सुझावों को किस हद तक शामिल किया जाता है।