वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को धार देने में जुटी कांग्रेस, दिल्ली महारैली के लिए गिरिडीह से जाएंगे सैकड़ों कार्यकर्ता

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान को धार देने में जुटी कांग्रेस, दिल्ली महारैली के लिए गिरिडीह से जाएंगे सैकड़ों कार्यकर्ता

डीजे न्यूज, गिरिडीह : कांग्रेस के ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर सोमवार को गिरिडीह में जिला एवं प्रखंड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री एवं एआईसीसी पर्यवेक्षक डॉ. शिव कुमार डहरिया की मौजूदगी में आयोजित बैठक में आगामी 1 नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित महारैली की तैयारियों, संगठन की मजबूती और जनसंपर्क अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली महारैली में गिरिडीह से बड़ी संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया ने बताया कि महारैली में शामिल होने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ताओं के टिकट बुक कराए जा चुके हैं। अन्य कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचने के लिए भी यात्रा की व्यवस्था की जा रही है।

**चुनाव आयोग को लेकर भाजपा पर साधा निशाना**बैठक के दौरान डॉ. शिव कुमार डहरिया ने चुनाव आयोग और उसके अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव आयोग के अध्यक्ष को बचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग खुलकर सामने आकर अपना पक्ष क्यों नहीं रखता। डहरिया ने कहा कि चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है और इसी क्रम में 1 नवंबर को दिल्ली में विशाल महारैली आयोजित की जाएगी, जिसमें देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के शामिल होने की तैयारी है।

**भाजपा के घेराव कार्यक्रम पर भी प्रतिक्रिया**

रांची में भाजपा की ओर से कांग्रेस कार्यालय के घेराव के मुद्दे पर भी डॉ. डहरिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व में दिए गए बयान का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मुद्दों और आंदोलन को लेकर भाजपा चिंतित है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में जनता इसका जवाब देगी।

**संगठन की मजबूती और जनसंपर्क पर जोर**

बैठक में कांग्रेस नेताओं ने ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही दिल्ली महारैली में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के शान्तनू मिश्रा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सतीश केडिया, डुमरी विधानसभा प्रभारी प्रमोद कुमार दुबे, अजय सिंहा, अशोक विश्वकर्मा, महमूद अली खान, मोहम्मद जुनेद, समीर चौधरी, पारस मित्र, मोहम्मद निजामुद्दीन, मोहम्मद सोहेल, बिलाल अहमद हुसैनी, भास्कर, सलमान अख्तर, अख्तर अंसारी, मोहम्मद शाहनवाज आलम, पुरुषोत्तम चौधरी, मेराज अख्तर और संतोष राय सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top