सड़क हादसे में ज्योतिष की मौत
डीजे न्यूज, बिरनी (गिरिडीह) : ससुराल में पांच वर्षीय बेटे से मिलकर घर लौट रहे 28 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही पत्नी, बच्चों और माता-पिता की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। युवक की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
मृतक की पहचान बिरनी थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी ज्योतिष विश्वकर्मा के रूप में हुई है। बताया जाता है कि ज्योतिष भरकट्टा ओपी क्षेत्र के खुरजियो गांव स्थित अपने ससुराल में रहकर पढ़ाई कर रहे पांच वर्षीय पुत्र से मिलने गया था। शनिवार शाम करीब 7:30 बजे वह बाइक से अपने घर हरिहरपुर लौट रहा था। इसी दौरान कोडरमा-कोवाड़-भरकट्टा मुख्य सड़क पर खुरजियो के समीप इरगा नदी के पास भरकट्टा की ओर से तेज गति से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ज्योतिष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह कुछ देर तक सड़क पर कराहता रहा। अंधेरे और सुनसान सड़क का फायदा उठाकर अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर सड़क पर पड़े युवक पर पड़ी। उन्होंने मानवीय संवेदना दिखाते हुए परिजनों को सूचना दी। इसके बाद स्वजन उसे गंभीर हालत में गिरिडीह सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
### मछली बनाकर रखने को कहकर निकला था घर से
परिजनों के अनुसार, शनिवार शाम करीब चार बजे ज्योतिष बाजार से मछली लाया था और पत्नी व मां से उसे बनाने को कहा था। इसके बाद उसने घरवालों से कहा कि वह खुरजियो स्थित ससुराल जाकर बेटे से मिलकर लौट आएगा, तब तक मछली बनाकर रखी जाए। शाम ढलने के बाद जब वह घर नहीं पहुंचा, तो स्वजन ने मोबाइल पर संपर्क किया। पहली बार बात होने पर उसने घर लौटने की बात कही, लेकिन काफी देर बाद फोन करने पर उसने कॉल नहीं उठाया। कुछ समय बाद ससुराल से दुर्घटना की सूचना मिली। रविवार सुबह उसकी मौत की खबर पहुंची तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
### पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
रविवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद ज्योतिष का शव घर पहुंचा तो पत्नी पूनम देवी, उसके दो छोटे बच्चों, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी और माता-पिता शव से लिपटकर दहाड़ मारकर रोने लगे। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। मेहनती और मिलनसार स्वभाव के ज्योतिष की असमय मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। रविवार शाम को ही उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
### अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
भरकट्टा ओपी प्रभारी ओमप्रकाश पांडेय ने बताया कि परिजनों से आवेदन मिलने के बाद अज्ञात वाहन के विरुद्ध मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।