ग्रामीण प्रतिभा ने बढ़ाया गिरिडीह का मान, नृत्य में प्रमंडल स्तर के लिए चयनित हुई धनयडीह की संजना

ग्रामीण प्रतिभा ने बढ़ाया गिरिडीह का मान, नृत्य में प्रमंडल स्तर के लिए चयनित हुई धनयडीह की संजना

डीजे न्यूज, गिरिडीह : सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। इसे साबित करते हुए सदर प्रखंड के पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह की छात्रा संजना कुमारी ने *झारखंड स्कूल टैलेंट सर्च 2026* की जूनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिता में जिला स्तर पर चयनित होकर विद्यालय और परिवार का नाम रोशन किया है। किसान पिता मिंटू कुमार वर्मा और माता संजू देवी की पुत्री संजना की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी सह जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, गिरिडीह के निर्देश पर आयोजित इस प्रतिभा खोज प्रतियोगिता के तहत संजना ने अपनी नृत्य प्रतिभा के दम पर जिला स्तर पर जगह बनाई है। अब उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में उसकी प्रतिभा का आकलन किया जाएगा।

विद्यालय के नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने बताया कि 25 अक्टूबर को हजारीबाग में प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। इसमें चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय शिविर में शामिल होने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विद्यार्थियों का इस तरह की प्रतियोगिताओं में चयन होना गौरव की बात है। ऐसी पहल बच्चों की छिपी प्रतिभा को सामने लाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है।

विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और प्रोत्साहित करने में शिक्षिका शिखा कुमारी एवं सोनी कुमारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक भुवनेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि बच्चों की उपलब्धियों को सम्मानित करना जरूरी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय की ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा।

संजना की सफलता ने यह संदेश दिया है कि उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो ग्रामीण परिवेश के बच्चे भी अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना सकते हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top