मानसिक स्वास्थ्य व पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित

मानसिक स्वास्थ्य व पर्यावरण जागरूकता कार्यशाला आयोजित

पौधारोपण से पर्यावरण और बालिका सशक्तिकरण का दिया गया संदेश

211 विद्यार्थियों व शिक्षकों ने सीखे तनाव प्रबंधन और ध्यान के तरीके

डीजे न्यूज, धनबाद: समाज कल्याण विभाग के ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को डिस्ट्रिक्ट सीएमएसओई स्कूल (District CMSOE School), धनबाद में अक्टूबर माह की विशेष गतिविधि के तहत एक दिवसीय जागरूकता एवं मानसिक कल्याण कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय के कुल 211 छात्र-छात्राओं और शिक्षक-कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण और बालिका सशक्तिकरण के प्रतीक के रूप में पौधारोपण अभियान से हुई, जिसके तहत 5 फलदार व छायादार पौधे लगाए गए। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और सतत विकास की भावना को बढ़ावा देना रहा।

इसके उपरांत छात्रों के भावनात्मक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। विशेषज्ञ मनोवैज्ञानिक श्री प्रियरंजन जी ने विद्यार्थियों को विचार, भावना और व्यवहार के आपसी समन्वय की जानकारी दी। उन्होंने आत्म-जागरूकता, भावनात्मक संतुलन तथा दैनिक जीवन में तनाव प्रबंधन के व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।

सत्र के दौरान विद्यार्थियों को एकाग्रता बढ़ाने और मानसिक शांति के लिए ‘गाइडेड मेडिटेशन’ का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों ने भी अपनी दैनिक चुनौतियों और उनसे निपटने की रणनीतियों को साझा किया।

इस पूरे कार्यक्रम के सफल संचालन में सेंटर फॉर कैटालाइज़िंग चेंज (C3) के शुभम केशरी ने महत्वपूर्ण तकनीकी सहयोग प्रदान किया। विद्यालय प्रबंधन ने इस आयोजन को छात्राओं के समग्र विकास के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top