एसएसएलएनटी अस्पताल में बनेगा मैटरनल एंड चाइल्ड केयर सेंटर
गोविंदपुर के नगरकियारी में खुलेगा नया पीएचसी
मोतियाबिंद सर्जरी के लिए एक और केंद्र में बनेगा आई ओटी
डीजे न्यूज, धनबाद: जिले में स्वास्थ्य व्यवस्था को अधिक सुलभ, आधुनिक और प्रभावी बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में गुरुवार को आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, आपातकालीन सेवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि एसएसएलएनटी अस्पताल को अपग्रेड कर 50 बेड का अत्याधुनिक मैटरनल एंड चाइल्ड केयर अस्पताल बनाया जाएगा। इसके क्रियान्वयन और आवश्यक संरचना के आकलन के लिए प्रभारी सिविल सर्जन, डीएमएफटी पीएमयू और भवन निर्माण विभाग की संयुक्त टीम स्थल का विस्तृत निरीक्षण करेगी। जबकि ग्रामीण स्तर पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए गोविंदपुर प्रखंड के नगरकियारी में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराया जाएगा, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को बुनियादी इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
साथ में सदर अस्पताल में आपातकालीन स्थिति में आने वाले मरीजों को त्वरित व गुणवत्तापूर्ण उपचार मुहैया कराने के लिए इमरजेंसी विंग को सुदृढ़ किया जाएगा। जबकि जिले में मोतियाबिंद के मरीजों को समय पर सर्जरी की सुविधा देने के उद्देश्य से सदर अस्पताल के अतिरिक्त एक अन्य चिह्नित स्वास्थ्य केंद्र में भी नई आई ओटी तैयार करने का निर्देश दिया गया है।
जिले के नर्सिंग स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त नर्सिंग ट्यूटर उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही संस्थान के विस्तार पर भी विस्तृत विचार-विमर्श कर कदम उठाए जाएंगे।
वहीं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत स्क्रीनिंग के दौरान चिह्नित जरूरतमंद बच्चों को चश्मा सहित अन्य सभी आवश्यक चिकित्सीय सहायक उपकरण व सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने वाली सहिया की कार्यकुशलता और प्रभावशीलता को बढ़ाने के उद्देश्य से उनके परफॉर्मेंस का नियमित आकलन किया जाएगा।
इसके अलावा बैठक में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, आधारभूत संरचना व उपकरणों की खरीद, मोतियाबिंद के इलाज के लिए एमओयू, आउटसोर्सिंग व तकनीकी पदों पर बहाली सहित अन्य बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
उपायुक्त ने कहा कि सभी कार्य और प्रतिनियुक्तियों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारे ताकि आम नागरिकों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, प्रभारी सिविल सर्जन डॉ संजीव कुमार प्रसाद, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ रोहित गौतम, डॉ सुनील कुमार, डॉ मंजु दास, डीईओ अभिषेक झा, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डीपीसी रेखा सिंह, वीबीडी पदाधिकारी रमेश कुमार सिंह के अलावा अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।