103 रेलवे स्टेशनों पर किया गया रेल जन संवाद का आयोजन

103 रेलवे स्टेशनों पर किया गया रेल जन संवाद का आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद: स्पेशल कैंपेन 6.0 के अंतर्गत धनबाद रेल मंडल में स्वच्छता, यात्री सुविधाओं तथा सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से103 रेलवे स्टेशनों पर गुरुवार को व्यापक स्तर पर ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्र ने धनबाद जंक्शन का निरीक्षण कर स्टेशन परिसर में स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं का जायजा लिया तथा यात्रियों से सीधे संवाद कर उनके सुझाव एवं अनुभव प्राप्त किए। उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से भी संवाद कर स्वच्छता एवं यात्री सुविधाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस क्रम में गाड़ी संख्या 13351 धनबाद–अल्लेप्पी एक्सप्रेस की पैंट्री कार का निरीक्षण कर खानपान सेवाओं एवं संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई तथा गाड़ी संख्या 13352 अल्लेप्पी–धनबाद एक्सप्रेस के यात्रियों से संवाद कर उनकी यात्रा संबंधी समस्याओं, अनुभवों एवं सुझावों को जाना गया। इसके अतिरिक्त, धनबाद जंक्शन पर स्काउट एंड गाइड के सदस्यों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यात्रियों को स्वच्छता, सुरक्षा एवं संरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यात्रियों को संबोधित करते हुए रेलवे परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, सुरक्षित रेल यात्रा सुनिश्चित करने तथा इन प्रयासों में जनभागीदारी की महत्ता पर बल दिया। इस व्यापक जनसंवाद अभियान के माध्यम से यात्रियों की अपेक्षाओं एवं सुझावों को जानने, यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार लाने तथा स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर रेल सेवाओं के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया गया। धनबाद मंडल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं स्वच्छता के प्रति जनभागीदारी बढ़ाने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top