विकसित भारत की तकनीकी ताकत बनेंगे क्रिटिकल मिनरल्स, IIT (ISM) धनबाद में जुटेंगे देशभर के वैज्ञानिक
30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रसायन विज्ञान का राष्ट्रीय सम्मेलन, रेयर अर्थ्स की रणनीतिक भूमिका पर होगा मंथन
डीजे न्यूज, धनबाद : महत्वपूर्ण खनिजों और रेयर अर्थ्स की मदद से तकनीक, उद्योग और वैज्ञानिक अनुसंधान को नई दिशा देने पर देशभर के विशेषज्ञ आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में जुटेंगे। संस्थान में 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रसायन विज्ञान का 45वां वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित होगा। इसके साथ 31 अक्टूबर को ‘क्रिटिकल मिनरल्स एंड रेयर अर्थ्स: कैटेलिस्ट फॉर टेक्नोलॉजी एंड इंडस्ट्री ट्रांसफॉर्मेशंस फॉर विकसित भारत’ विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
संस्थान के रसायन विज्ञान एवं रासायनिक जीवविज्ञान विभाग की ओर से भारतीय रसायनज्ञ परिषद के तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देशभर के वैज्ञानिक, शोधार्थी, शिक्षाविद और विषय विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य रसायन विज्ञान के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवीन अनुसंधानों को साझा करना, वैज्ञानिक विचारों का आदान-प्रदान करना और उद्योग जगत की चुनौतियों पर चर्चा करना है।
### तकनीकी आत्मनिर्भरता में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका पर चर्चा
31 अक्टूबर को होने वाली विशेष संगोष्ठी में क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ्स की रणनीतिक महत्ता पर विशेष जोर रहेगा। इलेक्ट्रॉनिक्स, उन्नत तकनीक, आधुनिक विनिर्माण और औद्योगिक नवाचार में इन खनिजों की उपयोगिता के साथ भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में इनके योगदान पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
### चार समानांतर सत्रों में होंगे शोधपत्र प्रस्तुत
सम्मेलन के दौरान इनऑर्गेनिक, ऑर्गेनिक, फिजिकल तथा एनालिटिकल एंड एनवायरनमेंटल केमिस्ट्री विषयों पर चार समानांतर सत्र आयोजित होंगे। इनमें आमंत्रित व्याख्यान, मौखिक शोध प्रस्तुतियां और पोस्टर प्रेजेंटेशन के जरिए वैज्ञानिक अपने शोध कार्यों को साझा करेंगे। इसके अलावा मेमोरियल लेक्चर, वैज्ञानिक चर्चाएं और भारतीय रसायनज्ञ परिषद की जनरल बॉडी मीटिंग भी आयोजित की जाएगी।
### डॉ. गिरिश चंद्र सक्सेना की स्मृति को समर्पित सम्मेलन
यह राष्ट्रीय सम्मेलन भारतीय रसायनज्ञ परिषद के संस्थापक एवं प्रमुख शिल्पकार स्वर्गीय डॉ. गिरिश चंद्र सक्सेना (1940–2026) की स्मृति को समर्पित है। सम्मेलन का उद्घाटन 30 अक्टूबर को सुबह 9:30 बजे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के पेनमैन ऑडिटोरियम में होगा। आयोजन के संयोजक प्रो. महेंद्र यादव हैं।