चोरों ने दिनदहाड़े दो घरों में चोरी की वारदात को दिया अंजाम, नगदी समेत लाखों की संपत्ति उड़ाया
मेला देखने गए थे भुक्तभोगी परिजन, सबईगढ़ा और धोखरा की घटना
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के सबईगढ़ा तथा धोखरा में चोरों ने रविवार को दिनदहाड़े दो घरों को निशाना बनाकर नगदी समेत लाखों रुपए की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के दोनों भुक्तभोगी मेला घुमने गये थे। सूचना पाकर थानेदार सत्यजीत कुमार अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और तहकीकात की। पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है। दोनों घटनाएं दोपहर 1:00 और 2:30 के बीच की बताई जाती है।
चोरों ने सबईगढ़ा निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक गोलक चटर्जी के घर का ताला तोड़कर घटना को अंजाम दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार दोपहर करीब 1:00 बजे गृहस्वामी गोलक चटर्जी एवं अपनी पत्नी माधुरी चटर्जी के साथ अपने गांव बोकारो में हो रहे पूजा में शामिल होने के लिए चले गए। घर में उनका छोटा बेटा विप्लव चटर्जी थे। माता-पिता के जाने के बाद वह भी कर्माटांड़ दुर्गा मंदिर देवी की प्रतिमा के दर्शन हेतु चला गया। इतने में अज्ञात चोर घर के पीछे से बाउंड्री फांद कर आंगन में प्रवेश कर गया और एक-एक कर घर के कमरों के चार ताले को तोड़कर घटना को अंजाम दिया। इस दौरान अलग-अलग तीन कमरों में रखें तीन अलमीरा को तोड़कर उसमें रखा सोने चांदी के गहने एवं नगद करीब 40 हजार समेत लाखों के संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने अगरबत्ती जलाने वाले पीतल के घंटी भी साथ ले गया ।
इसके बाद चोरों ने धोखरा गांव के मिठाई दुकानदार केदार महतो के घर के मेन गेट का ताला तोड़कर अलमीरा को तोड़ा और कीमती गहने एवं नगद 4 हजार रुपए आदि ले गए। दोनों घटनाओं में चोरी गई सामानों में सोने के चैन, सोने की चूड़ी, सोने के लॉकेट , पायल के गहने आदि कीमती सामान है। घर की महिलाएं एवं अन्य पूजा कर जब लौटे तो घटना की जानकारी हुई । दिनदहाड़े ताला तोड़कर एक साथ दो घरों में अंजाम दी गई चोरी की इन घटनाओं से लोग सहमें हुए हैं।