बगोदर-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर स्कॉर्पियो-ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, बाल-बाल बचे पूर्व मुखिया प्रतिनिधि और उनकी मां
डीजे न्यूज, बगोदर,गिरिडीह : बगोदर-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर बगोदर चौथा के समीप स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, हालांकि वाहन में सवार मुंडरो के पूर्व मुखिया प्रतिनिधि उमेश मंडल और उनकी मां सुरक्षित बच गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, उमेश मंडल अपनी मां के साथ स्कॉर्पियो से जा रहे थे। इसी दौरान बगोदर चौथा के पास स्कॉर्पियो और ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कॉर्पियो को काफी नुकसान पहुंचा। हालांकि, राहत की बात रही कि दोनों को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर विधानसभा क्षेत्र के झामुमो नेता शत्रुघ्न प्रसाद मंडल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को फोन कर हादसे की जानकारी दी और मौके पर पहुंचकर दुर्घटना का जायजा लिया।
भीषण सड़क हादसे के बावजूद उमेश मंडल और उनकी मां के सुरक्षित रहने से परिजनों एवं शुभचिंतकों ने राहत की सांस ली। हादसे ने एक बार फिर मुख्य मार्ग पर वाहन चलाते समय सतर्कता बरतने की जरूरत को रेखांकित किया है।