ई-मेगा प्रोजेक्ट के खिलाफ छाताबाद में बैठक संपन्न

ई-मेगा प्रोजेक्ट के खिलाफ छाताबाद में बैठक संपन्न

दुर्गापूजा के बाद हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय

​डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास- कोयलांचल बचाओ समिति के बैनर तले नागरिकों की बैठक छाताबाद में आयोजित की गई। बैठक में कतरास कोयलांचल के वार्ड संख्या 01 से 11 तक की सुरक्षा, जमीन, जनजीवन और भविष्य से जुड़े मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इस दौरान ई-मेगा प्रोजेक्ट को तत्काल रद्द करने, आउटसोर्सिंग में भारी ब्लास्टिंग पर रोक लगाने तथा अवैध कोयला खनन के खतरनाक मुहानों को अविलंब बंद कराने की पुरजोर मांग उठाई गई।
​पूर्व पार्षद विनोद कुमार गोस्वामी ने सभी क्षेत्रवासियों को दुर्गा पूजा की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पावन त्योहार को देखते हुए चरणबद्ध जनजागरण अभियान को फिलहाल अस्थायी विराम दिया जा रहा है। दुर्गा पूजा समाप्त होते ही जनजागरण और व्यापक हस्ताक्षर अभियान एक साथ चलाए जाएंगे, ताकि वार्ड 01 से 11 तक के अधिक से अधिक लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जा सके। साथ ही छाताबाद में आउटसोर्सिंग से जुड़े कोयला परिवहन को अनिश्चितकालीन रोकने के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी पूजा के बाद रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई केवल छाताबाद की नहीं, बल्कि पूरे कतरास कोयलांचल के अस्तित्व और भविष्य की रक्षा की लड़ाई है।
​बैठक में अशोक लाल ने बताया कि स्थानीय जनसमस्याओं, अनियंत्रित ब्लास्टिंग और जनहित की सुरक्षा को लेकर कोल इंडिया प्रबंधन को पत्र लिखा गया है और उनसे इस पर त्वरित व ठोस कार्रवाई की मांग की गई है।
​बैठक में अशोक लाल, मो. तौहीद अंसारी, मो. जामीर अंसारी, चिन्मय, रियाज, मो. सलाउद्दीन अंसारी, मो. अख्तर अंसारी, हिटलाल, लाइगू, मो. अशफाक, मो. मुनकू, मो. बंटी अंसारी, अब्दुल खान, अरबाज अंसारी, शाहज़ेब सैफी, आदिल रहमान, मो. शहबाज अंसारी, मो. नसीम अंसारी, आतिफ आलम, पारस अन्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top