देवघर में अवैध शराब के कारोबार पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, दो गिरफ्तार

देवघर में अवैध शराब के कारोबार पर उत्पाद विभाग का शिकंजा, दो गिरफ्तार

देवीपुर के दो ठिकानों पर छापेमारी, 396 लीटर विदेशी शराब के साथ स्प्रिट, 500 खाली बोतलें और बाइक जब्त

 

डीजे न्यूज, देवघर : जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने कार्रवाई करते हुए देवीपुर थाना क्षेत्र के दो ठिकानों पर छापेमारी की। शुक्रवार को की गई इस कार्रवाई में 396 लीटर अवैध विदेशी शराब, 20 लीटर स्प्रिट, करीब 500 खाली बोतलें और अन्य सामग्री जब्त की गई। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।

**कुबरी गांव में 351 लीटर शराब बरामद**

कार्रवाई के पहले चरण में उत्पाद विभाग की टीम ने देवीपुर थाना क्षेत्र के कुबरी गांव में छापेमारी कर रंजीत कुमार (24), निवासी डुबा, थाना सारवां को गिरफ्तार किया। उसके ठिकाने से 39 पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 351 लीटर बताई गई है। जब्त शराब में इकोनिक की 11 पेटी, रॉयल स्टैग की 11 पेटी और रॉयल चैलेंज की 17 पेटी शामिल हैं।

इसके अलावा 20 लीटर स्प्रिट, आठ खाली जरीकेन, आठ बोरों में रखी करीब 500 खाली बोतलें, खाली कार्टन और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी के अलावा बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव, संतोष किस्कू उर्फ संतोष सोरेन, मंटू यादव समेत अन्य के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

**कुबरी मोड़ से 45 लीटर शराब और बाइक जब्त**

छापेमारी के दूसरे चरण में टीम ने कुबरी मोड़ के पास स्थित एक अन्य ठिकाने पर कार्रवाई की। यहां से नथानी वर्मा (36), निवासी बनवरिया, थाना सारवां को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से पांच पेटी विदेशी शराब बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 45 लीटर है। इसमें ब्लेंडर्स प्राइड की दो पेटी और रॉयल चैलेंज की तीन पेटी शामिल हैं।

मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक हीरो पैशन मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। इस मामले में नथानी वर्मा के अलावा प्रमोद वर्णवाल, बिनोद यादव उर्फ गुड्डू यादव और पंकज वर्णवाल के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

**फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी**

उत्पाद विभाग के अनुसार, दोनों मामलों में अन्य आरोपियों की संलिप्तता की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक कांग्रेश कुमार और निलेश कुमार सिन्हा, सहायक अवर निरीक्षक अवधेश कुमार, परमेश्वर मुर्मू और दशरथ मंडल, उत्पाद सिपाही राहुल कुमार तथा सशस्त्र गृह रक्षक के जवान शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top