संक्षिप्त खबरें:-

संक्षिप्त खबरें:-

दुर्गोत्सव और दशहरा को लेकर लोगों में उत्साह

बलियापुर: दुर्गा पूजा एवं दशहरा को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। बेलवरणी के मौके पर शुक्रवार को बेलवरणी पूजा आयोजित किया। विभिन्न दुर्गा मंदिर एवं पूजा स्थलों पर पंडाल निर्माण एवं साज सज्जा का काम लगभग पूरी हो चुकी है। रात को देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित करने तथा प्रतिमा का पट खुलते ही दर्शन हेतु श्रद्धालुओं की भीड़ जुटेगी।  बलियापुर दुर्गा मंदिर, सिंदूरपुर, प्रधानखंटा, कर्माटांड़, धोखरा, गुल्लूडी, बेलगड़िया, गोलमारा, कुशमाटांड़, सुरूंगा, मोको, दूधिया, सालपतरा, बाघमारा, घड़बड़, रंगामाटी आदि गांवों में पूजा अर्चना हेतु देवी दुर्गा की प्रतिमा स्थापित किया गया है। विजयदशमी के दिन बलियापुर दुर्गा मंदिर प्रांगण में रावण दहन कार्यक्रम का आनंद लेने के लिए हजारों लोग जुटते हैं। इसके अलावा प्रधानखंटा, बाघमारा एवं परसबनिया में भी रावण दहन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। दूसरी ओर पूजनोत्सव को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जगह-जगह दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल की तैनाती की गई है।
—————————————————

 

यातायात नियमों का शक्ति से अनुपालन कराने की मांग

बलियापुर: बलियापुर थाना क्षेत्र में भारी वाहनों के चपेट में आकर लोगों की जा रही जान से नागरिकों में आक्रोश है। भाजपा ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों से वाहनों के परिचालन में यातायात नियमों का शक्ति से अनुपालन कराने की मांग की है। पार्टी के पूर्वी मंडल अध्यक्ष विद्युत चक्रवर्ती ने इस संबंध में बलियापुर के सीओ को पत्र लिखा है। जिसमें एआरएसएस कंपनी एवं एसीसी कंपनी के भारी वाहनों के परिचालन पर विशेष निगरानी रखने का जिक्र करते हुए कहा है कि सड़क दुर्घटनाओं का मुख्य कारण वाहनों का तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग तथा परिचालन में सुरक्षा नियमों की अनदेखी है। उन्होंने भारी वाहनों की गति निर्धारित करने, नियमित जांच, ओवरलोडिंग, चालक के साथ उपचालक की व्यवस्था, चालकों का लाइसेंस एवं अन्य दस्तावेजों की नियमित जांच का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और लोगों के जान माल की सुरक्षा भी संभव है।
—————————————————

हार्डकोक भट्ठा मजदूरों को मिला बोनस

बलियापुर: हार्डकोक भट्ठा मजदूरों को दुर्गा पूजा का बोनस का भुगतान शुरू हो गया है। मजदूरों को 18% की दर से बोनस देने का निर्णय लिया गया है। शुक्रवार को मेट्रो हार्डकोक इंडस्ट्रीज एवं अन्य कई हार्डकोक भट्ठा में मजदूरों को बोनस दिया गया। बोनस भुगतान होने से मजदूरों में हर्ष है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top