दुर्गापूजा में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे डीवीसी, नहीं तो आंदोलन
जिलाध्यक्ष संजय सिंह के नेतृत्व में झामुमो प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता से मिलकर दिया अल्टीमेटम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह में दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराने को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को विद्युत अधीक्षण अभियंता से मुलाकात कर वार्ता की। यह मुलाकात विद्युत आपूर्ति अंचल, गिरिडीह स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में हुई। अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाद डीवीसी विधुत कार्यालय में भी जाकर झामुमो प्रतिनिधि मंडल ने पदाधिकारियों से मुलाकात की । इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने दुर्गा पूजा के दौरान बिजली व्यवस्था दुरूस्त रखने और किसी भी तरह की परेशानी से बचने के लिए विभाग से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। झारखंड मुक्ति मोर्चा गिरिडीह के जिला अध्यक्ष सह जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि दुर्गा पूजा में डीवीसी निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करे नहीं तो झामुमो आन्दोलन के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि त्योहार में बिजली कटौती किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि डीवीसी हमें आंदोलन के लिए बाध्य नहीं करे ।
पूजा पंडालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति पर जोर
जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी ने कहा कि दुर्गा पूजा झारखंड समेत पूरे देश में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। इस दौरान शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विभिन्न पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। बिजली व्यवस्था सुचारु रहने से श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी और पूजा समितियों को भी आयोजन में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
बिजली कटौती और शिकायतों के त्वरित समाधान की मांग
जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान बिजली कटौती से बचने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए। साथ ही, बिजली से संबंधित किसी भी तकनीकी खराबी या शिकायत के त्वरित समाधान के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि विभाग की सक्रियता से पूजा के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या को कम किया जा सकता है और श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण माहौल में पर्व मना सकेंगे।
इनकी रही उपस्थिति
वार्ता में झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, उप महापौर सुमित कुमार, जिला उपाध्यक्ष शाहनवाज अंसारी, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, अभय सिंह, जिला सह सचिव दिलीप रजक, मेहताब मिर्जा, राकेश कुमार सिंह , मुमताज वारसी तुफान, संजय वर्मा, मो आमीर, आलम अंसारी, मोनू सिंह सहित कई लोग मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि डीवीसी और विद्युत विभाग दुर्गा पूजा के महत्व को देखते हुए बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।