मैरिज हॉल विवाद में दोनों पक्षों पर प्राथमिकी
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा -पुटकी रोड स्थित मैरेज हॉल मकान की खरीद-बिक्री को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया है। डिगवाडीह न्यू कॉलोनी निवासी संजय कुमार सिंह ने राकोमसं नेता अखिलेश कुमार और उनके पुत्र पूर्व पार्षद सुजीत कुमार सिंह पर धोखाधड़ी करने, मारपीट, गाली-गलौज तथा 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाते हुए जोड़ापोखर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है।
2020 में तय हुई थी मकान की कीमत
आवेदन के अनुसार, जनवरी 2020 में अखिलेश कुमार सिंह और उनके पुत्र सुजीत कुमार सिंह ने संजय कुमार सिंह को अपना एक मकान बेचने का प्रस्ताव दिया था। संजय कुमार सिंह ने वहां मैरिज हॉल बनाने के उद्देश्य से मकान खरीदने पर सहमति जताई। दोनों पक्षों के बीच मकान और जमीन की कीमत 15 लाख रुपये तय हुई। आरोप है कि 10 जनवरी 2020 को उन्होंने 51 हजार रुपये अग्रिम के तौर पर नकद दिए। इसके बाद मार्च 2020 में जमीन-मकान की रजिस्ट्री कराने का आश्वासन दिया गया था।
शिकायतकर्ता का कहना है कि संपत्ति के कागजात दुरुस्त नहीं होने के कारण रजिस्ट्री नहीं हो सकी। इसके बाद आरोपितों ने कागजात ठीक होने पर रजिस्ट्री कराने की बात कही और वहां मैरिज हॉल बनाने की अनुमति दी। संजय कुमार सिंह के अनुसार, उन्होंने पुराने मकान को तुड़वाकर करीब 50 लाख रुपये खर्च कर मैरिज हॉल का निर्माण कराया।
किराये के नाम पर भुगतान करने का दावा
आवेदन में कहा गया है कि रजिस्ट्री होने तक जमीन और मकान का किराया देने की बात तय हुई थी। इसके लिए दस वर्ष का एकरारनामा बनाया गया, जिसमें 15 हजार रुपये मासिक किराया निर्धारित होने का उल्लेख है। शिकायतकर्ता का दावा है कि जून 2022 से जून 2023 तक नकद किराया दिया गया। इसके बाद जुलाई 2023 से अगस्त 2026 तक अखिलेश कुमार सिंह की पुत्री के फोन-पे खाते में किराये की राशि भेजी जाती रही।
30 लाख रुपये मांगने का आरोप
संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि मैरिज हॉल का कारोबार अच्छा चलने के बाद विवाद शुरू हुआ। उनके आवेदन के मुताबिक 15 सितंबर को रात करीब 8:30 बजे सुजीत कुमार सिंह अपने तीन अन्य लोगों के साथ मैरिज हॉल पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने 30 लाख रुपये रंगदारी देने की मांग की और रुपये नहीं देने पर मैरिज हॉल बंद करने तथा गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके पुत्र अनिकेत रंजन ने इसका विरोध किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
दूसरी पक्ष के सुजीत कुमार सिंह ने कहा कि इस मामले में अभी कुछ नहीं कहना है
थाना प्रभारी उदय कुमार गुप्ता ने बताया कि कांड संख्या 122/26 दर्ज किया गया है इसकी जांच की जा रही है।
दूसरी तरफ पूर्व पर्षद सुजीत कुमार सिंह ने भी जोड़ापोखर थाना क्षेत्र लिखित शिकायत दर्ज किया है। जिसमे मारपीट पैसा छिनने का आरोप लगाया है । पुलिस ने कांड संख्या 123/26 दर्ज कर जांच में जुट गई है।