बस्ताकोला क्षेत्र में त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक, डीजीएमएस अधिकारियों ने दिए सुरक्षा सख्ती के निर्देश

बस्ताकोला क्षेत्र में त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक, डीजीएमएस अधिकारियों ने दिए सुरक्षा सख्ती के निर्देश
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL)के बस्ताकोला क्षेत्र में सोमवार को क्षेत्रीय स्तरीय त्रिपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य खदानों में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करना, सुरक्षा मानकों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करना तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ सुरक्षित उत्पादन को बढ़ावा देना था।बैठक में खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) की ओर से संजय कुमार गिम्मेदी, निदेशक (माइनिंग); रघु मेंरुगू, निदेशक (इलेक्ट्रिकल); अजय कुमार रामनरेश यादव, निदेशक (मैकेनिकल); राहुल पुरोहित, उप निदेशक (माइनिंग); वीरेन्द्र प्रताप, उप निदेशक (इलेक्ट्रिकल); एवं एम. सत्यमूर्ति, उप निदेशक (मैकेनिकल) उपस्थित रहे।श्रमिक संगठनों की ओर से कंपनी सेफ्टी बोर्ड के सदस्य ए. एम. पॉल तथा बस्ताकोला क्षेत्रीय सुरक्षा समिति के सदस्य राम कृष्ण पाठक (JMS), देव रंजन दास (BCKU), एन. के. सिंह (JMS), उमेश कुमार (DCKS), एस. एस. महतो (INMOSSA), रामसेवक पासवान (KIMP) एवं प्रबीर मल्लिक (UCUW) ने बैठक में भाग लिया।इसके अतिरिक्त, BCCL मुख्यालय से महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) धनराज अखाड़े एवं अन्य ISO अधिकारी, बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार, क्षेत्र की विभिन्न परियोजनाओं के परियोजना पदाधिकारी, खान प्रबंधक एवं सुरक्षा अधिकारी, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष (HOD), आउटसोर्सिंग कंपनियों के प्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।ए. एम. पॉल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन बस्ताकोला कोलियरी के प्रबंधक अभिषेक शर्मा ने किया। इस अवसर पर बस्ताकोला क्षेत्र की गतिविधियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं कार्य निष्पादन से संबंधित विस्तृत पावरपॉइंट प्रस्तुति दी गई।बैठक के दौरान पिछली सुरक्षा समिति की बैठक की कार्यवाही रिपोर्ट पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पूर्व में लिए गए निर्णयों, सुरक्षा संबंधी सुझावों तथा उनके अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही, खदानों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्य अतिथि संजय कुमार गिम्मेदी, निदेशक (माइनिंग), DGMS ने बस्ताकोला क्षेत्र में संचालित सुरक्षा गतिविधियों पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने खदानों में सुरक्षा नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने, संभावित खतरों की समय रहते पहचान करने तथा दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों की सक्रिय सहभागिता से सुरक्षित कार्य संस्कृति को और मजबूत बनाने तथा सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उत्पादन कार्यों के निष्पादन की आवश्यकता पर जोर दिया।बैठक में उपस्थित अधिकारियों एवं श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने खदानों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सुरक्षा संबंधी सुझावों के अनुपालन के विषय में अपने विचार एवं सुझाव प्रस्तुत किए। बैठक में प्रबंधन, DGMS तथा श्रमिक संगठनों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता पर बल दिया गया।कार्यक्रम के समापन पर बस्ताकोला क्षेत्र के महाप्रबंधक के प्रभाव में तत्काल एमके कुंडू ने खदान सुरक्षा के प्रति क्षेत्र की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने आश्वस्त किया कि सभी संबंधित पक्षों के सहयोग से सुरक्षा मानकों में निरंतर सुधार, दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा सुरक्षित एवं सतत उत्पादन सुनिश्चित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जाएंगे। अंत में, क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी अजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है-सुरक्षित कार्य, सुरक्षित श्रमिक एवं सुरक्षित उत्पादन ही बस्ताकोला क्षेत्र का संकल्प है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top