भदडीहा में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर उत्पाद विभाग का धावा, 400 किलो जावा महुआ नष्ट

भदडीहा में अवैध महुआ शराब के अड्डों पर उत्पाद विभाग का धावा, 400 किलो जावा महुआ नष्ट

80 लीटर तैयार शराब जब्त, अवैध कारोबार में शामिल लोगों की पहचान में जुटा विभाग 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर लगाम लगाने के लिए उत्पाद विभाग ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के भदडीहा में अवैध महुआ चुलाई शराब बनाने के ठिकानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान करीब 80 लीटर तैयार अवैध महुआ शराब जब्त की गई, जबकि शराब बनाने के लिए रखे गए लगभग 400 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

जिला जनसंपर्क कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। अधीक्षक उत्पाद के दिशा-निर्देश पर उत्पाद विभाग की टीम ने भदडीहा क्षेत्र में विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान शराब बनाने के लिए इस्तेमाल की जा रही भट्ठियों और संबंधित स्थानों की जांच की गई।

जांच के क्रम में विभिन्न घरों और आसपास के क्षेत्रों में बर्तनों, ड्रमों तथा डिब्बों में छिपाकर रखा गया जावा महुआ बरामद हुआ। टीम ने करीब 400 किलोग्राम जावा महुआ को घटनास्थल पर ही विनष्ट कर दिया। साथ ही तैयार अवैध महुआ शराब को जब्त किया गया।

विभाग अब अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान करने में जुटा है। संबंधित आरोपियों के विरुद्ध उत्पाद कानून के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी दल में उत्पाद अवर निरीक्षक सुमितेश कुमार, सदर अंचल और उत्पाद अवर निरीक्षक महेश कुमार दास, बगोदर अंचल के अलावा गृह रक्षा वाहिनी के सशस्त्र जवान तथा अन्य संबंधित कर्मी शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top