251 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा, माता के जयकारों से गूंजा तिसरी
ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में कलश स्थापना के साथ नवरात्र शुरू, श्रद्धालुओं ने की गंगा मैया की पूजा-अर्चना
डीजे न्यूज, तिसरी, गिरिडीह : तिसरी के ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर में रविवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ शारदीय नवरात्र का शुभारंभ हुआ। इस दौरान क्षेत्र की 251 महिलाओं और युवतियों ने सिर पर कलश धारण कर शोभायात्रा में हिस्सा लिया। माता के जयकारों और भक्ति नारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
कलश शोभायात्रा ऐतिहासिक दुर्गा मंदिर से शुरू होकर तिसरी के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए तिसरी तालाब पहुंची। वहां पुजारी मनोज पांडेय, राजेंद्र पांडेय और प्रदीप पांडेय ने विधि-विधान से गंगा मैया की पूजा-अर्चना कराई। इसके बाद महिलाओं और युवतियों ने तालाब से कलश में जल भरा और उसी मार्ग से वापस दुर्गा मंदिर पहुंचीं। मंदिर परिसर का भ्रमण करने के बाद पुजारी मनोज पांडेय ने विधिवत कलश स्थापना कराई। इसके साथ ही मां दुर्गा की आराधना और शारदीय नवरात्र की पूजा-अर्चना शुरू हो गई।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु ‘जय माता दी’, ‘दुर्गा माता की जय’, ‘जय श्रीराम’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे लगाते रहे। इससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा। कलश स्थापना के बाद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के बीच शरबत का वितरण किया गया। गर्मी के बीच शरबत पीकर लोगों ने राहत महसूस की।
आयोजन में दुर्गा पूजा समिति के संयोजक मनोज यादव, अध्यक्ष सह तिसरी के मुखिया किशोरी साव, सचिव अजय रजक, प्रवीण सिंह, विकास गुप्ता, जितेंद्र सिंह, नितेश सिन्हा, यशवंत सिंह, प्रकाश विश्वकर्मा, प्रेम अग्रवाल, नितेश सिंह, शंकर ठाकुर, विष्णु बरनवाल, संजय सिंह, बंटी गुप्ता, रौनक गुप्ता, अतुल कुमार सहित बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए।