पंडालों में बुनियादी सुविधाओं के साथ ही सीसीटीवी लगाना अनिवार्य, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

पंडालों में बुनियादी सुविधाओं के साथ ही सीसीटीवी लगाना अनिवार्य, डीजे पर रहेगा प्रतिबंध

दुर्गा पूजा को लेकर देवघर अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित

डीजे न्यूज, देवघर : अनुमंडल पदाधिकारी देवघर श्री रवि कुमार की अध्यक्षता में गुरुवार को आगामी दुर्गा पूजा के त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से कार्यालय कक्ष में शांति समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन को लेकर विभिन्न बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी पूजा कमेटियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्रों में पंडाल निर्माण के दौरान बिजली, सुरक्षित पेयजल, अग्निशमन (फायर सेफ्टी), अस्थाई शौचालय और साफ-सफाई जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित कर ली जाएं। अनुमंडल पदाधिकारी ने सुरक्षा और निगरानी तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से सभी पूजा पंडालों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। त्योहार के दौरान ध्वनि प्रदूषण और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर) के उपयोग को नियंत्रित करने तथा डीजे के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की बात कही। इसके साथ ही, प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया को सुगमता से संपन्न कराने के लिए रूट निर्धारण और समय सारणी को लेकर संबंधित अधिकारियों व थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। आगे उन्होंने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करते हुए पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में विशेष गश्त और सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही देवघर अनुमंडल क्षेत्र की शांति समिति के सभी सम्मानीय अध्यक्ष, सचिव और सदस्य भी बैठक में शामिल हुए और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही। बैठक में देवघर अनुमंडल क्षेत्र के सभी अंचलाधिकारी, अग्निशमन पदाधिकारी, सभी थानों के थाना प्रभारी, खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी, सहायक नगर आयुक्त के साथ देवघर अनुमंडल क्षेत्र की शांति समिति के सभी सम्मानीय अध्यक्ष, सचिव और सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top