धनबाद में बनेगा स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर

धनबाद में बनेगा स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर

डीडीसी ने बीसीसीएल व आदित्य बिड़ला ग्रुप के साथ किया स्थलों का निरीक्षण

बेलगड़िया के अग्नि-प्रभावित परिवारों और स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में 10,000 वर्ग फीट क्षेत्र में स्किल ट्रेनिंग एवं टेक्सटाइल सेंटर का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए गुरुवार को उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बीसीसीएल तथा आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधियों के साथ चिन्हित स्थलों का निरीक्षण किया।

उप विकास आयुक्त ने बताया कि धनबाद जिले के युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर स्वावलंबी बनाने और बेलगड़िया टाउनशिप में पुनर्वासित अग्नि-प्रभावित परिवारों के लिए स्थायी आजीविका सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है।

उन्होंने बताया कि इस संयुक्त दौरे का मुख्य उद्देश्य लगभग 10,000 वर्ग फीट में बने मौजूदा भवन का अध्ययन कर वहाँ एक अत्याधुनिक स्किल ट्रेनिंग सेंटर, टेक्सटाइल ट्रेनिंग-सह-आवासीय परिसर स्थापित करने की संभावनाओं का मूल्यांकन करना था।

प्रस्तावित कौशल प्रशिक्षण केंद्र से धनबाद के आम नागरिकों के साथ-साथ विशेष रूप से बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे बीसीसीएल के अग्नि-प्रभावित परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इस केंद्र के माध्यम से युवाओं व महिलाओं को वस्त्र (टेक्सटाइल) उद्योग से जुड़े आधुनिक कौशल सिखाए जाएंगे, जिससे उनके लिए प्रत्यक्ष रोजगार, आय वृद्धि और दीर्घकालिक आजीविका के नए द्वार खुलेंगे।

इस दौरान संयुक्त दल ने जिला परिषद के कार्यपालक अभियंता की उपस्थिति में जिला परिषद के भवनों की वर्तमान स्थिति, संरचनात्मक मजबूती और कार्यात्मक उपयोगिता का गहन जायजा लिया। साथ में यह भी परखा गया कि किस प्रकार इस संरचना का सदुपयोग करते हुए इसे राजस्व अर्जन और सामाजिक कल्याण के एक स्थायी मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है।

निरीक्षण दल द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट और तकनीकी आकलन के आधार पर आगे की कार्ययोजना तय की जाएगी। जिला प्रशासन, बीसीसीएल और आदित्य बिड़ला ग्रुप का यह संयुक्त प्रयास धनबाद में विस्थापित और स्थानीय आबादी के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त  सन्नी राज के साथ डीएमएफटी के परियोजना प्रबंधक (आजीविका एवं कौशल विकास)  अमर कुमार श्रीवास्तव, बीसीसीएल, आदित्य बिड़ला ग्रुप के प्रतिनिधि व जिला परिषद की टीम मौजूद रहीं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top