इंटर आईआईटी एक्वाटिक्स मीट में आईआईटी (आईएसएम) की छात्रा ने जीता सिल्वर

इंटर आईआईटी एक्वाटिक्स मीट में आईआईटी (आईएसएम) की छात्रा ने जीता सिल्वर

डीजे न्यूज, धनबाद : आईआईटी (आईएसएम) धनबाद की छात्रा सृजा कर ने 40वें इंटर आईआईटी एक्वाटिक्स मीट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर बैकस्ट्रोक में सिल्वर मेडल जीता। आईआईटी खड़गपुर में आयोजित इस प्रतियोगिता में उन्होंने 42.91 सेकेंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया।

सृजा आईआईटी (आईएसएम) धनबाद में एप्लाइड जियोफिजिक्स में इंटीग्रेटेड एमटेक (बीटेक + एमटेक) की प्रथम वर्ष की छात्रा हैं। उन्होंने इसी प्रतियोगिता के 100 मीटर बैकस्ट्रोक में भी 1 मिनट 36.04 सेकेंड के समय के साथ चौथा स्थान हासिल किया।

सृजा के प्रदर्शन ने इंटर-आईआईटी स्तर की प्रतियोगिता में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद को पहचान दिलाई है। उनकी उपलब्धि उनकी लगातार मेहनत, अनुशासन और स्विमिंग के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

पढ़ाई के साथ सृजा कैंपस की विभिन्न गतिविधियों में भी सक्रिय हैं। वह करियर डेवलपमेंट सेंटर में प्लेसमेंट कोऑर्डिनेटर के रूप में जुड़ी रही हैं। इसके अलावा वह ईएजीई आईआईटी (आईएसएम) स्टूडेंट चैप्टर और जियोफिजिकल सोसायटी की गतिविधियों में भी शामिल रही हैं।

सृजा को इंडस्ट्री और रिसर्च का अनुभव भी मिला है। उन्होंने ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन लिमिटेड (ओएनजीसी), देहरादून में इंडस्ट्रियल ट्रेनी के रूप में काम किया है और पायोपेट्रो में इंटर्नशिप की है। इसके अलावा उन्होंने यूआईटी – द आर्कटिक यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्वे, आईआईटी गांधीनगर और आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के इनोवेशन इन माइनिंग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (टेक्समिन) में रिसर्च से जुड़ा अनुभव हासिल किया है।

सृजा की उपलब्धि पर बधाई देते हुए आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि छात्रों का खेल और पढ़ाई दोनों क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन संस्थान के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सृजा के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top