बेटी की शादी के लिए जोड़ी रकम पर साइबर अपराधियों की सेंध, खाते से एक लाख उड़ाए
डीजे न्यूज, टुंडी,धनबाद : टुंडी थाना क्षेत्र की लुकैया पंचायत अंतर्गत लोधरिया गांव निवासी सावित्री देवी के बैंक खाते से यूपीआई के जरिए एक लाख रुपये ट्रांसफर किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने टुंडी थाना और बैंक ऑफ इंडिया, संग्रामडीह शाखा के प्रबंधक को अलग-अलग आवेदन देकर मामले की जांच और राशि वापस कराने की गुहार लगाई है।
महिला के अनुसार, उसने अपनी बेटी की शादी के लिए रकम जमा कर रखी थी। इसी बीच उसके बैंक ऑफ इंडिया के खाते से यूपीआई के माध्यम से एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। महिला ने बताया कि ऑनलाइन गेम में लॉगिन करने के लिए उसके बेटे के मोबाइल नंबर का इस्तेमाल किया गया था। हालांकि, उसके मुताबिक बैंक खाता ऑनलाइन गेम से जुड़ा हुआ नहीं था।
घटना के बाद महिला का परिवार परेशान है। बिलखते हुए सावित्री देवी ने पुलिस से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उसकी रकम वापस दिलाने की मांग की है। इधर, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।