जनता की फरियाद पर डीसी गंभीर

जनता की फरियाद पर डीसी गंभीर

 जनता दरबार में सुनी समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई का निर्देश

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जनता की समस्याओं के त्वरित एवं संवेदनशील समाधान को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने व्यक्तिगत, सामाजिक एवं प्रशासन से संबंधित समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।

उपायुक्त ने प्रत्येक फरियादी की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों एवं पदाधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनसामान्य से प्राप्त शिकायतों के निष्पादन में संवेदनशीलता, पारदर्शिता एवं तत्परता सुनिश्चित की जाए। पात्र मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई हो, ताकि आवेदकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, आवास, पेंशन, रोजगार, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा आवश्यकतानुसार आवेदकों को कार्रवाई की स्थिति से अवगत कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आम नागरिकों की शिकायतों को केवल आवेदन के रूप में नहीं लिया जाए, बल्कि उनकी समस्याओं के समाधान के दृष्टिकोण से गंभीरता से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष, नियमानुकूल एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए कार्रवाई की प्रगति पर नजर बनाए रखने को कहा। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top