एक अधिकारी और एक क्लर्क के भरोसे पारसनाथ बैंक शाखा, ग्राहकों की बढ़ी परेशानी

एक अधिकारी और एक क्लर्क के भरोसे पारसनाथ बैंक शाखा, ग्राहकों की बढ़ी परेशानी

स्टाफ की कमी दूर करने और अलग कैश काउंटर शुरू करने की मांग

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : विश्व प्रसिद्ध जैन तीर्थस्थल मधुबन स्थित बैंक ऑफ इंडिया की पारसनाथ शाखा में कर्मचारियों की कमी से बैंकिंग व्यवस्था प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी, मुंबई की मधुबन शाखा ने बैंक प्रबंधन से अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति की मांग की है। इस संबंध में बोकारो अंचल कार्यालय के अंचलिक प्रबंधक को आवेदन भेजा गया है।

आवेदन में कहा गया है कि मधुबन देश-विदेश के जैन श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण तीर्थस्थल है। यहां 24 तीर्थंकरों में से 20 तीर्थंकरों ने निर्वाण प्राप्त किया है। ऐसे में हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन, पूजन और यात्रा के लिए यहां पहुंचते हैं। मधुबन में करीब 35 से 40 संस्थाओं के अलावा सैकड़ों दुकानें संचालित हैं। आसपास के ग्रामीण इलाकों के लोग भी इसी बैंक शाखा के माध्यम से आर्थिक लेन-देन करते हैं।

कमेटी के अनुसार, श्रद्धालुओं और स्थानीय ग्राहकों की बढ़ती संख्या के बावजूद बैंक शाखा में पर्याप्त कर्मचारी नहीं हैं। वर्तमान में महज एक अधिकारी और एक क्लर्क के भरोसे एक ही काउंटर संचालित हो रहा है। इसके कारण महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य खाताधारकों को बैंकिंग कार्यों के लिए लंबी कतारों में खड़ा रहना पड़ता है। नकदी निकासी और भुगतान में भी ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कमेटी ने बैंक प्रबंधन से शाखा में स्थायी रूप से अतिरिक्त कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा अलग कैश काउंटर शुरू करने की मांग की है। कमेटी का कहना है कि इससे जैन तीर्थयात्रियों के साथ-साथ स्थानीय ग्रामीणों, व्यापारियों और अन्य खाताधारकों को भी बेहतर बैंकिंग सुविधा मिल सकेगी। आवेदन की प्रतिलिपि पारसनाथ शाखा के प्रबंधक को भी भेजी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top