दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू का प्रयास रंग लाया, चार साल बाद ओपनकास्ट खदान से रोड सेल शुरू
ट्रक मालिकों और मजदूरों में खुशी का माहौल
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सीसीएल गिरिडीह परियोजना की ओपनकास्ट खदान से लगभग 4 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद सोमवार को रोड सेल की औपचारिक शुरुआत हो गई है। रोड सेल चालू होने से स्थानीय ट्रक मालिकों, चालकों और असंगठित क्षेत्र के मजदूरों के बीच काफी उत्साह और खुशी देखी गई, क्योंकि इससे क्षेत्र में रोजगार और व्यवसाय के नए अवसर खुलेंगे। रोड सेल शुरू होने की खुशी में ओपेनकास्ट में सोमवार को झाकोमयू के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू, सचिव तेजलाल मंडल, उपाध्यक्ष अर्जुन रवानी, जोनल उपाध्यक्ष दिलीप मंडल आदि ने लोगों के बीच मिठाई बांटे।
इस अवसर पर सीसीएल गिरिडीह के परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा ने बताया कि कई कानूनी व कागजी प्रक्रियाओं तथा डीएमओ स्तर की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद रोड सेल शुरू हुआ है। यूनियन और स्थानीय लोगों के साथ वार्ता कर सोमवार से रोड सेल शुरू करने पर सहमति बनी थी। उन्होंने उत्पादन और प्रेषण (ट्रांसपोर्टेशन) के लक्ष्यों पर चर्चा करते हुए बताया कि आगामी 3-4 दिनों में ट्रांसपोर्टिंग और साइडिंग की प्रक्रिया भी पूरी तरह से शुरू कर दी जाएगी। कहा कि कोयला उत्पादन का लक्ष्य बढ़ाते हुए क्षेत्र को घाटे से उबारकर लाभ (प्रॉफिट) में लाने का प्रयास किया जाएगा। कोयला चोरी की समस्या से निपटने के सवाल पर पीओ मीणा ने स्पष्ट किया कि स्थानीय थाना, पुलिस प्रशासन और सीसीएल की सुरक्षा टीम को पूरी तरह अलर्ट और सक्रिय कर दिया गया है। हर शिफ्ट में अधिकारियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी।
माइंस चालू कराने में दिवंगत मंत्री सुदिव्य की भूमिका अहम : झाकोमयू
झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू ने कहा कि 2022 से बंद ओपेनकास्ट कोलियरी को चालू कराने में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू व गांडेय विधायक कल्पना मुर्मू सोरेने की भूमिका अहम रही है। दोनो के प्रयास से आज ओपेनकास्ट माइंस चालू हुआ है। इससे रोजगार के साधन खुलेंगे और पलायन रुकेगा। कहा कि जल्द ही यहां कल्पना सोरेन का भव्य कार्यक्रम होगा। उसी दिन विधिवत उदघाटन किया जाएगा। सचिव तेजलाल मंडल ने कहा कि आज ओपेनकास्ट माइंस और रोड सेल चालू होने की खुशी तो है, पर मलाल भी है कि वे हमारे बीच नहीं है। ट्रक ऑनर एसोसिएशन के राजेश कुमार ने कहा कि बंद ओपेनकास्ट माइंस दिवंगत मंत्री सुदिव्य सोनू के प्रयास से शुरु हुआ है। इसकी जितनी खुशी है, उससे ज्यादा मायूसी है कि वे हमारे बीच नहीं है। वे यदि जीवित होते तो भव्य कार्यक्रम आयोजित कर रोड सेल शुरु होता। मौके पर झाकोमयू के दिलीप मंडल, अर्जुन रवानी, सीताराम हांसदा, अमरदीप शर्मा, महादेव मंडल, फुलचंद बास्के, बासुदेव मंडल, हीरालाल बेसरा, रसिक हेम्ब्रम, सुनील हेम्ब्रम, मोतीलाल टुड, सोनालाल बेसरा, विक्की मंडल, जगत पासवान, पंचानन, गोविंद दास, लखन रवानी, जानकी पंडित, योगेंद्र झा सहित सैकड़ो लोकल सेल मजदूर मौजूद थे।