मुंबई में हजारीबाग के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, जांच की उठी मांग 

मुंबई में हजारीबाग के प्रवासी मजदूर की संदिग्ध मौत, जांच की उठी मांग

डीजे न्यूज, विष्णुगढ़ (हजारीबाग): विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के चलनियां नावाडीह निवासी स्वर्गीय तेतर भुइयां के 39 वर्षीय पुत्र राजू राम की शनिवार को मुंबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने मौत के कारणों की निष्पक्ष जांच कराने तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है।

राजू राम रोजी-रोटी के सिलसिले में मुंबई में रहकर एक होटल में कुक का काम करते थे। उनके परिवार में माता सुकरी देवी, पत्नी अनिता देवी, 15 वर्षीय पुत्र अनमोल कुमार और 10 वर्षीय पुत्री अंकिता कुमारी हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही प्रवासी मजदूरों के हित में कार्य करने वाले समाजसेवी सिकंदर अली मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

सिकंदर अली ने प्रवासी मजदूरों की लगातार हो रही मौतों पर चिंता जताते हुए कहा कि रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में जाने वाले मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने प्रशासन से प्रवासी मजदूरों के पंजीकरण, आपातकालीन सहायता, दुर्घटना या मौत की स्थिति में परिजनों को तत्काल सूचना देने तथा त्वरित प्रशासनिक सहयोग की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top