भू-धंसान की घटनाओं पर कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने सीएमडी को सौंपा मांग पत्र

भू-धंसान की घटनाओं पर कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने सीएमडी को सौंपा मांग पत्र

ई-मेगा प्रोजेक्ट पर रोक, बालू भराई और वैज्ञानिक सर्वे की मांग

डीजे न्यूज, धनबाद : कतरास कोयलांचल बचाओ समिति ने कतरास और आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं, जान-माल की क्षति तथा विस्थापन की समस्या को लेकर बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल को मांग पत्र सौंपा। समिति ने कहा कि लगातार हो रही भू-धंसान की घटनाओं से क्षेत्र के लोग भय और दहशत के माहौल में जीने को मजबूर हैं। लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल ठोस एवं प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।
समिति ने मांग पत्र में ई-मेगा प्रोजेक्ट पर रोक लगाने, भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों में बालू भराई कराने तथा भूमिगत खदानों में बालू भराई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही भूमिगत माइनिंग के माध्यम से ही कोयला खनन कराने पर जोर दिया गया।
समिति ने पूरे खनन क्षेत्र का वैज्ञानिक सर्वे कराने, अवैध खनन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने तथा भूमिगत खदानों के पिलरों की गहन जांच कराने की मांग रखी। क्षतिग्रस्त पाए जाने वाले पिलरों की तत्काल मरम्मत कराने की भी मांग की गई, ताकि भविष्य में भू-धंसान की घटनाओं को रोका जा सके।
समिति के सदस्यों ने कहा कि भू-धंसान की समस्या का स्थायी समाधान और प्रभावित लोगों की जान-माल की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए बीसीसीएल प्रबंधन और संबंधित एजेंसियों को समन्वित एवं प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।
मांग पत्र सौंपने वालों में कतरास कोयलांचल बचाओ समिति के विनय कुमार सिंह, प्रभात मिश्रा, नवदीप गुप्ता और राजीव रंजन मिश्रा शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top