खुखरा में गूंजी पढ़ाई की नई पहल, एसपी ने किया प्रेरणा पुस्तकालय का उद्घाटन

खुखरा में गूंजी पढ़ाई की नई पहल, एसपी ने किया प्रेरणा पुस्तकालय का उद्घाटन

डीजे न्यूज,पीरटांड़ (गिरिडीह) : खुखरा में विद्यार्थियों और युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी एवं अध्ययन के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में प्रेरणा पुस्तकालय की शुरुआत की गई। गुरुवार को गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने फीता काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। मौके पर एएसपी सुरजीत कुमार सहित विभिन्न थानों के थाना प्रभारी मौजूद थे।

पुस्तकालय शुरू करने की पहल करीब एक वर्ष पूर्व खुखरा पंचायत समिति सदस्य केशव पाठक और तत्कालीन थाना प्रभारी के प्रयास से हुई थी। खुखरा के एक पुराने भवन में पुस्तकालय स्थापित करने की योजना बनी थी, लेकिन कार्य अधूरा रह गया था। वर्तमान थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार सिंह ने अधूरे कार्य को आगे बढ़ाते हुए केशव पाठक के साथ मिलकर पुस्तकालय को तैयार कराया।

उद्घाटन से पूर्व पुस्तकालय परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत किया गया और एसपी ने फीता काटकर पुस्तकालय का उद्घाटन किया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने परिसर में पौधारोपण भी किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, विद्यार्थी और युवा शामिल हुए।

इस अवसर पर एसपी डॉ. विमल कुमार ने कहा कि खुखरा में पुस्तकालय की शुरुआत अच्छी पहल है। यह पहला प्रयास है और इसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी पुलिस भी निभाएगी। उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं से पुस्तकालय का नियमित रूप से लाभ उठाने तथा मन लगाकर अध्ययन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की समस्या होने पर पुलिस को इसकी जानकारी दें। साथ ही लोगों को कानून के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।

एसपी ने पुस्तकालय में अनुशासन बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से पुस्तकालय में मोबाइल फोन लेकर नहीं आने की अपील करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को शांत और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे एकाग्र होकर पढ़ाई कर सकें और अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top