ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता : डीडीसी

ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता : डीडीसी

लापरवाही बरतने पर कनीय अभियंताओं के  वेतन रोकने का निर्देश, जिला समन्वयक को किया शो-कॉज

डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त  सन्नी राज ने मंगलवार को स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, हर घर जल, जल जीवन मिशन एवं ओडीएफ प्लस के तहत संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में योजनाओं की धीमी प्रगति एवं कार्यों में लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं अभियंताओं को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा में सभी लंबित कार्य पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।

समीक्षा के दौरान सेग्रिगेशन शेड निर्माण की धीमी प्रगति पर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। जिले में कुल 256 सेग्रिगेशन शेड का निर्माण किया जाना है। इसमें लापरवाही एवं मॉनिटरिंग में कमी पाए जाने पर तोपचांची के कनीय अभियंता को छोड़कर अन्य सभी कनीय अभियंताओं के एक माह के वेतन पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही, अगले एक माह में 60 सेग्रिगेशन शेड का निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया।

साथ में कार्य में लापरवाही बरतने पर एक जिला समन्वयक को भी शो-कॉज जारी करने का निर्देश दिया। उप विकास आयुक्त ने संबंधित अभियंताओं को फटकार लगाते हुए स्पष्ट किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि ग्रामीणों को नियमित एवं सुचारू रूप से पेयजल उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जल जीवन मिशन के तहत संचालित योजनाओं को समय पर पूरा कर ग्रामीण परिवारों तक पेयजल की सुविधा पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने तथा पाइपलाइन, सिविल वर्क एवं मशीनरी से संबंधित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत पाइपलाइन एवं सिविल वर्क की प्रगति, मशीनरी की उपलब्धता तथा लंबित भुगतान की समीक्षा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को लंबित भुगतान एवं कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने, योजनाओं में डुप्लीकेशन रोकने तथा पूर्ण योजनाओं का समय पर हैंडओवर करने का निर्देश दिया।

बैठक में योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, लंबित कार्यों, भुगतान तथा पंचायतवार स्थिति की समीक्षा की गई। उप विकास आयुक्त ने लंबित कार्यों एवं बिलों का त्वरित निष्पादन करने तथा प्रतिदिन योजनाओं की प्रगति की मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) एवं जल जीवन मिशन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्य निष्पादन पर जोर दिया। साथ ही, पंचायत स्तर पर बीडीओ, मुखिया, प्रमुख एवं जिला परिषद सदस्यों के साथ समन्वय स्थापित कर नियमित फील्ड विजिट करने तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का सत्यापन करने का निर्देश दिया।

बैठक में पीएचईडी-2 के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, जिला एवं प्रखंड समन्वयक तथा पीएमयू टीम के सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top