बच्चों में असीम क्षमता और प्रतिभा होती है: शत्रुघ्न महतो
सविमं सिनीडीह में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने बनाए आकर्षक चित्र
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत मंगलवार को सरस्वती विद्या मंदिर सिनीडीह में “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत” कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक चित्र बनाए।
कार्यक्रम में उपस्थित बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो ने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विधायक ने कहा कि बच्चों में असीम क्षमता और प्रतिभा होती है। उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन देने की जरूरत है।
अध्यक्षता सिनीडीह मंडल अध्यक्ष सोनू श्रीवास्तव ने की। मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य राणा सर, पूर्व मंडल अध्यक्ष उत्तम गायली, पूर्व मुखिया बिनोद सिंह, शैलेंद्र यादव, बंटी बाउरी, अमित सिंह, मनोज पासवान, बॉबी पासवान, अनुज भारती आदि मौजूद थे।