
गर्मी से राहत के लिए विद्यालय के समय में हो बदलाव : सहायक अध्यापक संघ
कोरोना से पहले की तरह 6:30 से 11:30 बजे तक किया जाए : विजय प्रसाद
डीजे न्यूज, लातेहार : लातेहार सहायक अध्यापक संघ के जिला अध्यक्ष विजय प्रसाद ने सरकार से आग्रह किया है कि विद्यालय का समय पुनः कोरोना काल से पहले की तरह 6:30 से 11:30 बजे तक किया जाए। वर्तमान समय सारणी सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक चल रही है, जिससे बच्चों को भीषण गर्मी में स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है।
जिला अध्यक्ष विजय प्रसाद ने कहा कि गर्मी के मौसम में तापमान अधिक बढ़ जाता है, जिससे बच्चों को दोपहर तक स्कूल में रहना मुश्किल हो जाता है। पुराने समय सारणी के अनुसार स्कूल सुबह जल्दी शुरू होकर समय पर समाप्त हो जाता था, जिससे बच्चों को गर्मी से राहत मिलती थी। उन्होंने सरकार से अनुरोध किया है कि विद्यालय समय सारणी पर पुनर्विचार कर बच्चों के हित में जल्द से जल्द फैसला लिया जाए।