गिरिडीह के बंदरकुपी में दारोगा पुत्र की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर आरोप

गिरिडीह के बंदरकुपी में दारोगा पुत्र की पीट-पीटकर हत्या, 10-15 युवकों पर आरोप

डीजे न्यूज, गिरिडीह : मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बंदरकुपी में गुरुवार की देर रात 24 वर्षीय युवक ऋतिक यादव की पीट-पीटकर हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। ऋतिक राजेंद्र नगर निवासी और बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर मुसाफिर सिंह यादव के पुत्र थे।

बताया गया कि ऋतिक अपने दो दोस्तों के साथ रात करीब 11 बजे बंदरकुपी स्थित मैगी प्वाइंट पर गया था। इसी दौरान कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बाद करीब 10 से 15 युवकों ने ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। दोस्तों ने उसे तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया। भाजपा नेता दिनेश यादव ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष जयशंकर सिन्हा उर्फ सिंकू ने घटना में शामिल सभी आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की बात कही।

घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

मौके पर नगर उपाध्यक्ष अमित आर्या, भाजपा आईटी सेल के कार्तिक डंगाइच, सोनू चौरसिया, अजय शर्मा, सुजीत अंशु समेत अन्य लोग मौजूद थे

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top