डुमरी में तालाब में डूबने से आदिवासी युवक की मौत, जयराम महतो ने परिवार से मिलकर बंधाया ढांढस
डीजे न्यूज, डुमरी, गिरिडीह : डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत कल्हाबार पंचायत के आदिवासी बाहुल्य गांव लुसियो निवासी सुरेश हेम्ब्रम (41) की मौत मंगलवार को तालाब में डूबने से हो गई।
बताया जाता है कि मृतक अपने साथियों के साथ करमा के लिए फूल तोड़ने हेतु गानोडीह तालाब में उतरा था, कि इसी दौरान गहराई में जाने के कारण निकल नहीं पाया और डूब गया। उसके साथियों द्वारा शोर करने पर स्थानीय लोग जमा हुए और डूबे व्यक्ति को बाहर निकाला और आनन-फानन में रेफरल अस्पताल लेकर आए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए शव को पुलिस ने गिरिडीह भेज दिया। घटना के बाद गांव में मातम है।
खबर सुनकर विधायक जयराम महतो शोकाकुल परिवार से मिले और सांत्वना दी साथ ही हरसंभव मदद का भरोसा दिया। वहीं सीओ से बात कर आपदा राहत के तहत जो भी सरकारी मुआवजा मिलना है, उसे तत्काल दिलाने की बात कही।
बताया जाता है कि मृतक के 5 पुत्री और 1 पुत्र है। दो पुत्रियों की शादी हो चुकी है। मृतक घर का इकलौता कमाऊ व्यक्ति था। वह राज मिस्त्री का काम करता था। घटना के बाद पत्नी मंझली देवी व अन्य परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
पंचायत के मुखिया नूरउद्दीन अंसारी ने भी शोकाकुल परिवार को यथासंभव मदद की बात कही है। घटना पर आजसू नेता छक्कन महतो, जेएलकेएम नेता रामेश्वर महतो, मुखिया सुबोध यादव, पूर्व मुखिया अमित सिन्हा भी शोकाकुल परिवार से मिलकर सांत्वना दी।