धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की एजीएम पर उठे सवाल, सूची में गड़बड़ी और नाम हटाने का लगाया आरोप
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद क्रिकेट एसोसिएशन की मंगलवार को संपन्न हुई वार्षिक आमसभा (AGM) और नई सदस्यता सूची को लेकर विवाद गहरा गया है। सर्किट हाउस में पूर्व डीसीए सदस्यों द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में एसोसिएशन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए। प्रेस वार्ता में एस.ए. रहमान, संतोष सिंह, सम्राट चौधरी और महफूज आलम सहित कई लोग मौजूद रहे।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजीएम के दौरान जारी नई सूची और वार्षिक बुक में कई वरिष्ठ सदस्यों के नाम बिना किसी वैध कारण के हटा दिए गए हैं। सूची में छपाई की भारी त्रुटियों, पेन से किए गए सुधारों और नाम गायब होने पर आपत्ति जताते हुए इसे मनमाना रवैया बताया गया।
हालांकि, बैठक में पूर्व टेस्ट खिलाड़ी सैयद सबा करीम समेत 16 नए मानद और 27 नए जनरल सदस्यों को शामिल किए जाने और खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की गई, लेकिन एसोसिएशन द्वारा कुछ पुराने सदस्यों के नाम सूची से हटाए जाने के मामलों को लेकर असंतोष जताया गया। पूर्व सदस्यों ने स्पष्ट किया कि इस नाइंसाफी और मनमानेपन के खिलाफ वे न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है।