27 सितंबर को धनबाद क्लब में गूंजेगी ठहाकों की गूंज, हास्य कवियों की जमेगी महफिल
डीजे न्यूज, धनबाद : शहरवासियों के लिए 27 सितंबर को हास्य और मनोरंजन से भरपूर शाम सजने जा रही है। हिंदी साहित्य विकास परिषद और धनबाद क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को धनबाद क्लब में भव्य ‘हास्य उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में देश के नामचीन हास्य कवि अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर करेंगे।
हास्य उत्सव में देश के चर्चित हास्य कवि संपत सरल, सरदार मंजीत सिंह और अमित शुक्ला हास्य-व्यंग्य की अपनी रचनाएं प्रस्तुत करेंगे। इनके अलावा स्थानीय साहित्यकार बसंत जोशी और सुशांत कुमार भी अपनी काव्य प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में रंग भरेंगे।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को मनोरंजन के साथ सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करना है। खास बात यह है कि हास्य उत्सव में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रवेश पास धनबाद क्लब और गोल शिक्षण संस्थान, मेमको मोड़ से प्राप्त किए जा सकते हैं। आयोजकों ने धनबादवासियों से परिवार और दोस्तों के साथ कार्यक्रम में पहुंचकर हास्य और कविता की इस विशेष शाम का आनंद लेने की अपील की है।