कोचिंग जा रहे दो छात्रों से मारपीट, जमडीहा में तनाव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

कोचिंग जा रहे दो छात्रों से मारपीट, जमडीहा में तनाव के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : देवरी थाना क्षेत्र के जमडीहा गांव में शनिवार की सुबह दो स्कूली छात्रों के बीच विवाद के बाद मारपीट की घटना से गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना में दो छात्र घायल हो गए। दोनों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी में कराया गया। स्थिति को देखते हुए गांव में एहतियातन पुलिस बल की तैनाती की गई है।

घायल छात्रों की पहचान जमडीहा गांव निवासी चंदन कुमार साव और चंदन कुमार वर्मा के रूप में हुई है। बताया गया कि शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे दोनों छात्र कोचिंग सेंटर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें दोनों छात्र घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना पाकर देवरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायल छात्रों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी ले गई। उपचार के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की।

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

इस संबंध में एसडीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि घटना में कुल छह लोगों के नाम सामने आए हैं और सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top