कतरास के छाताबाद में फिर धंसी जमीन, एक जख्मी
आधा दर्जन मकान क्षतिग्रस्त, ग्रामीणों की जान सांसत में
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
बीसीसीएल के गोविंदपुर एरिया-3 अंतर्गत छाताबाद के ग्रामीणों की जान सांसत में है। लगातार हो रही भू-धंसान और जमीन में दरारें पड़ने की घटना ने ग्रामीणों के दिल की धड़कनें बढ़ा दी है। ताजा घटनाक्रम में बुधवार को छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड के समीप स्थित सामुदायिक भवन के आसपास की जमीन में कई जगह बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं। आधा दर्जन से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक महिला को हल्की चोटें आने की बात सामने आ रही है।
प्रभावितों में मो. आबिद, मो. मिनहाज, मो. इस्लाम,मो. अरमान, मो. शमीम, मो. आजम आदि शामिल हैं।
इस घटना ने एकबार फिर ग्रामीणों में दहशत का माहौल कायम हो गया। जानमाल की सुरक्षा को लेकर लोग अपने-अपने घरों से सामान बाहर निकालने में लगे हुए हैं।
पूर्व में यहां हुए भू धंसान से
प्रभावित लोगों के लिए यही सामुदायिक भवन आश्रयस्थल था। बीसीसीएल की ओर से प्रभावित लोगों के लिए इसी भवन में भोजन भी पहुंचाया जाता था। अब भवन के आसपास जमीन में दरारें आने से ग्रामीण अपनी जान की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार भू-धसान की घटनाएं होने के बावजूद प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से अब तक ठोस पहल नहीं की गई है। जमीन में लगातार हो रहे बदलाव से लोग डरे-सहमे हुए हैं और उन्हें अपनी जान-माल की सुरक्षा की चिंता सता रही है।
ग्रामीणों ने बीसीसीएल प्रबंधन से प्रभावित क्षेत्र का तत्काल निरीक्षण कराने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा भू-धसान प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाने की मांग की है।