डीडीसी ने बाघमारा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का किया निरीक्षण

डीडीसी ने बाघमारा प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का किया निरीक्षण

पेयजल एवं विकास योजनाओं को समयबद्ध पूर्ण करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने बुधवार को बाघमारा प्रखंड अंतर्गत रंगुनी, मोहलीडीह एवं बौआकला नॉर्थ पंचायत का भ्रमण एवं विभिन्न विकास योजनाओं का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

भ्रमण के दौरान पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा कराए जा रहे पाइपलाइन मरम्मति कार्य का जायजा लिया गया। उप विकास आयुक्त द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पाइपलाइन मरम्मति से संबंधित सभी कार्यों को सितंबर माह के भीतर पूर्ण करते हुए आमजनों को नियमित एवं सुचारू पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही, कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल को निर्देश दिया गया कि पंचायत क्षेत्र में जहां कहीं भी पाइपलाइन से संबंधित समस्या है, उसका शीघ्र निराकरण करते हुए जलापूर्ति बहाल की जाए।

निरीक्षण के क्रम में जिला परिषद द्वारा निर्मित बौआकला नॉर्थ एवं मोहलीडीह पंचायत स्थित हेल्थ सब-सेंटर (HSC) के निर्माण कार्य की भी समीक्षा की गई। बौआकला नॉर्थ में निर्माण कार्य में पाई गई त्रुटियों को शीघ्र दूर करते हुए आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। वहीं, मोहलीडीह पंचायत भवन के समीप निर्माणाधीन HSC का कार्य निरीक्षण के दौरान संतोषजनक स्थिति में पाया गया।

इसके पश्चात उप विकास आयुक्त द्वारा मोहलीडीह पंचायत भवन का भी निरीक्षण किया गया। पंचायत भवन की वर्तमान स्थिति पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित पंचायत सचिव को पंचायत भवन की समुचित साफ-सफाई, रख-रखाव एवं आवश्यक सुधार कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। सभी आवश्यक कार्यों को 15 दिनों के भीतर पूर्ण कर पंचायत भवन को सुव्यवस्थित एवं जनोपयोगी बनाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया।

आमजनों की सुविधा एवं पंचायत भवन में उपलब्ध सेवाओं की सुगमता को ध्यान में रखते हुए VLE (Village Level Entrepreneur) को पंचायत भवन के ग्राउंड फ्लोर पर स्थानांतरित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि पंचायत स्तर पर उपलब्ध नागरिक सेवाओं का लाभ आम लोगों को आसानी से प्राप्त हो सके।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि सभी विकास योजनाओं में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्यों का प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करें।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top