सुदिव्य सोनू के निधन पर डीजीपी-डीआईजी ने दी श्रद्धांजलि, परिजनों को बंधाया ढांढस
डीजे न्यूज, गिरिडीह : दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के निधन पर संवेदना व्यक्त करने शुक्रवार को डीजीपी तदाशा मिश्रा और डीआईजी अंजनी झा गिरिडीह पहुंचे। एसपी डॉ. बिमल कुमार के साथ दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दिवंगत मंत्री के आवास पहुंचकर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान डीजीपी और डीआईजी ने मंत्री की धर्मपत्नी तथा दोनों बेटियों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और इस दुख की घड़ी में ढांढस बंधाया। परिजनों से मुलाकात के बाद दोनों अधिकारी सर्किट हाउस पहुंचे।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से पूरे झारखंड को बड़ा झटका लगा है।
मौके पर एएसपी सुरजीत कुमार, डीएसपी नीरज सिंह, रूपेंद्र राणा, नगर थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो, मुफ्फसिल थाना प्रभारी ज्ञान रंजन समेत कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।