पुलिस ने अड्डेबाजी‌ के खिलाफ चलाया अभियान, 17 हिरासत में

पुलिस ने अड्डेबाजी‌ के खिलाफ चलाया अभियान, 17  हिरासत में

ड्रंक एंड ड्राइव, चोरी, अवैध शराब व लॉटरी कारोबार पर एक साथ प्रहार

डीजे न्यूज, धनबाद: अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए धनबाद पुलिस ने शुक्रवार को जिलेभर में व्यापक और सघन जांच अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में एक साथ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान अड्डाबाजी करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने के आरोप में 17 लोगों को हिरासत में लिया गया।

पुलिस ने जिले के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील स्थानों और आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग कर 1345 वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहन चालकों के दस्तावेजों की जांच के साथ वाहनों में सवार लोगों की तलाशी और पहचान का सत्यापन किया गया। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखते हुए पुलिस ने कई स्थानों पर अचानक जांच भी की।

इधर, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब के नेतृत्व में सिटी सेंटर एवं सरायढेला क्षेत्र में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीम ने ब्रेथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की। शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए लोगों के वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया तथा नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे में वाहन चलाने वालों के कारण सड़क हादसों की आशंका बढ़ती है इसलिए ऐसे मामलों में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

अभियान के दौरान पुलिस ने चोरी, वाहन चोरी, अवैध शराब और लॉटरी के कारोबार के खिलाफ भी कार्रवाई की। इन गतिविधियों से जुड़े संदिग्धों और विभिन्न मामलों में वांछित अपराधियों की तलाश में पुलिस टीमों ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। पुलिस द्वारा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाने के साथ ऐसे लोगों की भी निगरानी की जा रही है जिनकी गतिविधियां आपराधिक मामलों से जुड़ी रही हैं।

एसएसपी  प्रभात कुमार ने बताया कि अभियान का उद्देश्य केवल तत्काल कार्रवाई करना नहीं बल्कि अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार दबाव बनाए रखना है ताकि जिले में कानून-व्यवस्था का माहौल मजबूत हो और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बनी रहे।

एसएसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट किया कि अड्डाबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, नशे में वाहन चलाना और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top