बरारी छह नंबर पीट में बड़े पैमाने पर लोहा तस्करी का आरोप दो गुटों में मारपीट के बाद हवाई फायरिंग की चर्चा

बरारी छह नंबर पीट में बड़े पैमाने पर लोहा तस्करी का आरोप

दो गुटों में मारपीट के बाद हवाई फायरिंग की चर्चा

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):  जोरापोखर थाना क्षेत्र के बरारी छह नंबर पीट कोलियरी परिसर से बड़े पैमाने पर लोहा तस्करी किए जाने का आरोप सामने आया है। कोलियरी परिसर में सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ जवानों की तैनाती के बावजूद कथित रूप से सेटिंग-गेटिंग के जरिए लोहा बाहर निकाले जाने की चर्चा है। हालांकि, इस संबंध में पुलिस या सीआईएसएफ की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बरारी छह नंबर पीट क्षेत्र में एक ठेकेदार द्वारा टिपला काटकर हटाए जाने के बाद से लोहा तस्करी की गतिविधियां बढ़ गई हैं। पिछले करीब एक पखवाड़े से तस्करी करने वाले गिरोह के सक्रिय होने की बात कही जा रही है। आरोप है कि कोलियरी क्षेत्र में रखे लोहे को काटकर मोटरसाइकिल के जरिए बाहर निकाला जाता है और बनियाहीर व झरिया के विभिन्न गोदामों में पहुंचाया जाता है।
बुधवार की रात लोहा तस्करी को लेकर दो गुटों के बीच विवाद होने की भी सूचना है। बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई। इस दौरान दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग किए जाने की चर्चा भी है। हालांकि, हवाई फायरिंग की घटना की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
सूत्रों के अनुसार घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने जोरापोखर पुलिस को दी थी। पुलिस का कहना था कि कोलियरी परिसर में रखे लोहे की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ जवान तैनात हैं।

मीडिया को कोलियरी परिसर में जाने से रोका

बुधवार रात हुई मारपीट और कथित फायरिंग की सूचना मिलने के बाद जब मीडिया कर्मी बरारी कोलियरी परिसर पहुंचे तो उन्हें अंदर जाने से रोक दिया गया। कोलियरी परिसर में बड़ी मात्रा में लोहा रखे होने की बात सामने आई है। ऐसे में मीडिया कर्मियों को परिसर में प्रवेश से रोके जाने को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से लोहा तस्करी का खेल चल रहा है। उनका कहना है कि यदि कोलियरी परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है तो इतनी बड़ी मात्रा में लोहा बाहर कैसे पहुंच रहा है। लोगों ने पूरे मामले की जांच कर लोहा तस्करी पर रोक लगाने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top