खेत से लौटे तो गायब मिली बाइक, सड़क किनारे से स्पेलंडर ले उड़े चोर
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी,धनबाद : थाना क्षेत्र में बाइक चोरी की घटना सामने आई है। गोविंदपुर-साहिबगंज सड़क पर पालोबेड़ा के समीप सड़क किनारे खड़ी काले रंग की स्पेलंडर बाइक को चोरों ने मंगलवार की सुबह चोरी कर लिया। चोरी गई बाइक का नंबर JH10AZ 7976 है।
जानकारी के अनुसार, पालोबेड़ा निवासी बनवारी महतो मंगलवार सुबह अपनी बाइक से खेत देखने गए थे। उन्होंने बाइक को सड़क किनारे खड़ा किया और खेत की ओर चले गए। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक वहां से गायब थी।
बनवारी महतो ने आसपास के इलाके में काफी खोजबीन की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने पूर्वी टुंडी थाना पहुंचकर बाइक चोरी की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।